{"vars":{"id": "130921:5012"}}

डांटिए मत, मुस्कुराकर समझाइए... CP मोहित अग्रवाल ने वाराणसी पुलिस को सिखाया, Air शो देखने आए दर्शकों को कैसे करें ट्रीट!

 

Varanasi : आगामी एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने पुलिसकर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस लाइन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में सोमवार कोआयोजित 'सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण एवं संवाद कार्यशाला' में पुलिसकर्मियों को नागरिकों के साथ विनम्र, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित इस कार्यशाला में यातायात पुलिस और विभिन्न थानों में तैनात पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का संचालन पुलिस उपमहानिरीक्षक, प्रशिक्षण मुख्यालय लखनऊ द्वारा किया गया।

'दर्शकों को अपना मेहमान समझकर करें ड्यूटी'—पुलिस आयुक्त

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने एयर शो के दौरान ड्यूटी पर तैनात रहने वाले पुलिसकर्मियों को सेवा भाव के साथ जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि एयर शो देखने आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ अतिथि जैसा व्यवहार किया जाए। पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी केवल सुरक्षा सुनिश्चित करना नहीं, बल्कि दर्शकों को सही रास्ता बताना, उनकी समस्याएं सुनना और आवश्यक सहयोग प्रदान करना भी है।

उन्होंने कहा कि हर नागरिक के साथ वही सम्मानजनक व्यवहार करें, जिसकी अपेक्षा आप स्वयं करते हैं।

भीड़ नियंत्रण के दौरान डांटने के बजाय समझाने पर जोर

प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को बताया गया कि बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने पर भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

ऐसी परिस्थितियों में पुलिसकर्मी संयम बनाए रखें और लोगों से विनम्र भाषा में संवाद करें। प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश रोकने या यातायात संबंधी निर्देश देने के दौरान किसी नागरिक को डांटने या अपमानित करने के बजाय शालीनता से नियमों की जानकारी दें।

पुलिस आयुक्त ने अनावश्यक कठोरता और असंवेदनशील व्यवहार से बचने के निर्देश दिए।

मुस्कान और सकारात्मक व्यवहार से बढ़ेगा पुलिस पर भरोसा

कार्यशाला में पुलिसकर्मियों को प्रभावी संवाद कौशल के साथ चेहरे के भाव, सहज मुस्कान और सकारात्मक शारीरिक हाव-भाव के महत्व के बारे में भी बताया गया।

प्रशिक्षण के दौरान समझाया गया कि पुलिसकर्मियों का सौम्य व्यवहार आम नागरिकों के मन में विश्वास पैदा करता है। वहीं, कठोर भाषा और असंवेदनशील शब्दों के प्रयोग से तनाव और असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे नागरिकों से स्पष्ट, शालीन और सम्मानजनक भाषा में बातचीत करें।

एयर शो में सुरक्षा के साथ जनसुविधा पर भी रहेगा जोर

पुलिस आयुक्त ने कहा कि एयर शो जैसे बड़े आयोजन में पुलिसकर्मियों का आचरण विभाग और प्रशासन की छवि को प्रभावित करता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से अपील की कि वे दर्शकों की सहायता, मार्गदर्शन और समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं।

प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिसकर्मियों में नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग, प्रभावी संवाद और संवेदनशील व्यवहार को बढ़ावा देना है, ताकि एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ आमजन को बेहतर सुविधाएं भी मिल सकें।