‘मेरे पवन को कोई हाथ मत लगाना’... जयमाल छोड़ दुल्हन ने प्रेमी को बचाया, लौटी बारात
वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब जयमाल के दौरान दुल्हन का प्रेमी मौके पर पहुंच गया। गांव वालों ने युवक की पिटाई शुरू कर दी, लेकिन तभी दुल्हन स्टेज से दौड़कर नीचे आई और प्रेमी के सामने खड़ी हो गई। उसने कहा, “कोई मेरे पवन को हाथ मत लगाए, अगर मारना है तो मुझे मारो।”
दुल्हन की यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। माहौल इतना बिगड़ गया कि दूल्हा पक्ष नाराज होकर बिना शादी किए ही बारात वापस ले गया। बाद में पुलिस चौकी में घंटों पंचायत चली और आखिरकार युवती की शादी उसके प्रेमी से कराने पर सहमति बन गई। शुक्रवार शाम दोनों की मंदिर में शादी करा दी गई।
मामला छीतौनी गांव का है। यहां रहने वाले पारस राजभर ने अपनी बेटी की शादी रोहित कुमार के साथ तय की थी। गुरुवार रात बारात गांव पहुंची और शादी की रस्में चल रही थीं। जयमाल की तैयारी के बीच भटौली गांव निवासी पवन राजभर अचानक शादी समारोह में पहुंच गया।
बताया गया कि पवन ने दुल्हन से शादी करने की जिद शुरू कर दी। इसके बाद गांव वालों ने उसे पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान दुल्हन स्टेज से उतरकर मौके पर पहुंची और प्रेमी को बचाने लगी। उसने खुलेआम अपने प्रेम संबंध की बात स्वीकार कर ली। यह देखकर दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ गया और दूल्हा पक्ष शादी छोड़कर लौट गया।
घटना के बाद दोनों पक्ष कोटवां पुलिस चौकी पहुंचे। युवती के पिता ने आरोप लगाया कि पवन ने शादी में पहुंचकर पूरा कार्यक्रम खराब कर दिया, जिससे परिवार को सामाजिक और आर्थिक नुकसान हुआ है।
वहीं युवती और पवन ने पुलिस को संयुक्त प्रार्थना पत्र देकर बताया कि दोनों पिछले छह वर्षों से रिश्ते में हैं और अपनी मर्जी से शादी करना चाहते हैं। युवती ने कहा कि परिवार उसकी इच्छा के खिलाफ दूसरी जगह शादी करा रहा था।
कोटवां चौकी प्रभारी मोहम्मद परवेज की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच लंबी बातचीत हुई। आखिरकार परिवार वाले युवती की शादी उसके प्रेमी पवन से कराने के लिए तैयार हो गए। शुक्रवार शाम दोनों की मंदिर में शादी करा दी गई। साथ ही 11 मई 2026 को कोर्ट मैरिज कराने का भी फैसला हुआ है।
लोहता थाना प्रभारी दिगम्बर उपाध्याय ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच और बातचीत के बाद दोनों परिवार आपसी सहमति पर पहुंच गए। अब दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है और युवती की शादी उसके प्रेमी से करा दी गई है।