वाराणसी के नए CMO बने डॉ. मुकेश कुमार, कहा- गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना होगी सर्वोच्च प्राथमिकता
वाराणसी। उत्तर प्रदेश शासन के आदेश के क्रम में नव नियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मुकेश कुमार ने मंगलवार को वाराणसी में अपना विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की और अधिकारियों के साथ प्रारंभिक बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, नियमित टीकाकरण, संचारी रोग नियंत्रण तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नियमित निगरानी और समीक्षा की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
नव नियुक्त सीएमओ ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सेवाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) तथा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नियमित अनुश्रवण किए जाने की बात कही।
कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने डॉ. मुकेश कुमार का स्वागत किया तथा जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि जनहित सर्वोपरि है और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए सभी स्तरों पर समन्वित प्रयास किए जाएंगे, ताकि जिले के प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।