{"vars":{"id": "130921:5012"}}

डॉ. आर.के. ओझा का भव्य अभिनंदन: 51 हजार मरीजों की आंखों में लौटाई रोशनी, DIG वैभव कृष्ण रहे मौजूद
 

 

चंदौली। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से जुड़े पूर्व छात्रों द्वारा स्थापित स्वयंसेवी संगठन मातृभूमि सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक डॉ. आर.के. ओझा का अभिनंदन किया गया। यह सम्मान महमूरगंज स्थित आर.के. नेत्रालय की ओर से चलाए जा रहे नि:शुल्क नेत्र सेवा अभियान के तहत 51 हजार गरीब मरीजों के पूर्णतया नि:शुल्क नेत्र ऑपरेशन किए जाने के उपलक्ष्य में दिया गया।

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि आर.के. नेत्रालय द्वारा प्रत्येक शनिवार को नि:शुल्क नेत्र सेवा शिविर आयोजित किया जाता है। इन शिविरों में जरूरतमंद मरीजों की नेत्र जांच के साथ-साथ मोतियाबिंद सहित विभिन्न नेत्र संबंधी बीमारियों का उपचार एवं ऑपरेशन पूरी तरह नि:शुल्क किया जाता है।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में वाराणसी परिक्षेत्र के उप महानिरीक्षक वैभव कृष्ण (आई.पी.एस.) उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता वाराणसी कमिश्नरेट के पूर्व अपर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह (आई.पी.एस., सेवानिवृत्त) ने की। इसके अलावा चंदौली के पुलिस अधीक्षक शंकर पटेल (आई.पी.एस.) विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में अन्य कई गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए।

आयोजकों ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को बेहतर एवं सुलभ नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराना इस अभियान का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि 51 हजार मरीजों के नि:शुल्क ऑपरेशन का यह आंकड़ा इस सेवा अभियान की व्यापकता और सफलता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं आयोजकों ने डॉ. आर.के. ओझा के सराहनीय सामाजिक एवं चिकित्सा सेवा कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए उन्हें आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।