फुलवरिया फोरलेन पर नाली का ढक्कन टूटा, बुजुर्ग गंभीर घायल; निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल
वाराणसी। फुलवरिया फोरलेन पर सड़क किनारे बनी नाली का ढक्कन टूटने से एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग नाली के ऊपर से गुजर रहे थे, तभी ढक्कन उनका वजन नहीं सह सका और अचानक टूट गया। इससे वह नाली में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके शरीर से खून बहने लगा। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, फुलवरिया फोरलेन पर नाली के ढक्कन टूटने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कमजोर ढक्कन टूटने के कारण हादसा हो चुका है। इसके बावजूद नाली के क्षतिग्रस्त और कमजोर ढक्कनों को बदलने या उनकी गुणवत्ता की जांच कराने को लेकर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
फुलवरिया का यह मार्ग महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी आगमन के दौरान बीएलडब्ल्यू रात्रि प्रवास के लिए जाने वाले मार्ग के तौर पर भी इसका इस्तेमाल होता है। मार्ग पर सड़क और पुल का निर्माण कराया गया है, लेकिन जल निकासी के लिए बनाई गई नाली और उसके ढक्कनों की गुणवत्ता अब सवालों के घेरे में है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नाली के निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी की गई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पूरे मार्ग की नालियों और उनके ढक्कनों की जांच कर मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।