'एक पेड़ मां के नाम' अभियान: वाराणसी में 13 जुलाई को होगा पौधारोपण अभियान, शहर के कई वार्डों में मुफ्त बांटे जाएंगे पौधे
वाराणसी में रविवार, 12 जुलाई को वृक्षारोपण महाअभियान के तहत जिलेभर में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा। अभियान के साथ-साथ शहर के विभिन्न वार्डों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर आम नागरिकों को निःशुल्क पौधों का वितरण भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग पर्यावरण संरक्षण से जुड़ सकें।
प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के नोडल मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने बताया कि पर्यावरण संतुलन और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधे लगाकर उनकी देखभाल का भी संकल्प लें।
वन विभाग की ओर से लहरतारा, शिवपुर, नारायणपुर, तरना, सिकरौल, डिठोली महाल, सरसौली, पांडेपुर, खजूरी, राजा बाजार, नदेसर, लल्लापुरा खुर्द, धूपचंडी, जगतगंज, काजी सादुल्लापुरा, चौकाघाट, अलईपुर, जलालीपुरा, सरैया, दनियालपुर, अकथा, सारनाथ, रमरेपुर और पहड़िया सहित कई वार्डों में पौधों का वितरण किया जाएगा।
इसके अलावा धारा पोखरा, संकट मोचन मंदिर, गोदौलिया, सिगरा, रथयात्रा, सुंदरपुर चौराहा, रविंद्रपुरी तिराहा, गुरुधाम, पीएमओ कार्यालय के पास, भेलूपुर, चितईपुर, मंडुवाडीह तिराहा, लंका चौराहा, महमूरगंज तिराहा, मैदागिन, बेनियाबाग और चेतगंज थाना सहित कई प्रमुख स्थानों पर भी पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।
अभियान को सफल बनाने के लिए संबंधित वार्डों के पार्षदों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में अभियान में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देने की अपील की है।