काशी पहुंचे एकनाथ शिंदे का राहुल गांधी पर हमला, बोले- विपक्ष को देश की तरक्की हजम नहीं हो रही
वाराणसी। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे बुधवार को वाराणसी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सांस्कृतिक संवाद कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद संत-महंतों से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की और राहुल गांधी समेत विपक्षी दलों पर निशाना साधा।
एकनाथ शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को आर्थिक महाशक्ति बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं। भारत तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है, लेकिन विपक्ष को देश की यह प्रगति हजम नहीं हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सत्ता से दूर रहने के कारण बेचैन है और इसी वजह से लगातार प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना करता रहता है।
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश को जोड़ने और विकास की दिशा में आगे ले जाने का काम कर रहे हैं, जबकि विपक्ष देश को तोड़ने की कोशिश में जुटा है। उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करने की बात कहते हुए सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने पर भी जोर दिया।
एकनाथ शिंदे ने अपने बयान के जरिए विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठाए और कहा कि देश की प्रगति में सभी राजनीतिक दलों को सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।