{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बांस-बल्ली के सहारे बिजली! वाराणसी के इस गांव में हर दिन मौत का खतरा

 

Varanasi : लोहता थाना क्षेत्र के भरथरा गांव में लटकते विद्युत तार ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। मुख्य मार्ग से कमला विद्या मंदिर जाने वाले रास्ते पर वर्षों से बांस-बल्ली के सहारे झूल रही बिजली की केबल कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

ग्रामीणों के मुताबिक, हल्की हवा या बारिश के दौरान तार गिरने का खतरा बना रहता है, जिससे किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है। इसके बावजूद बिजली विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

हादसे के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में इसी मार्ग पर हाईटेंशन तार गिरने से एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं।

लापरवाही पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि ऊर्जा मंत्री के निर्देशों के बावजूद बांस-बल्ली हटाकर बिजली के खंभे लगाने और तारों को बदलने का काम शुरू नहीं किया गया। ग्राम प्रधान और अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार शिकायत करने के बाद भी विभागीय स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

ग्रामीणों की मांग

ग्रामीणों ने ऊर्जा मंत्री से मांग की है कि क्षेत्र में लटकते बिजली के तारों को तुरंत हटाया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी और की जान न जाए।