वाराणसी कमिश्नरेट में डीसीपी सरवणन टी. को भावभीनी विदाई, पुलिस आयुक्त ने कहा- उनकी सेवाएं हमेशा प्रेरणादायक रहेंगी
वाराणसी I पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस उपायुक्त अपराध/अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन सरवणन टी. के स्थानांतरण के अवसर पर एक गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया।
समारोह में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सरवणन टी. को उनके उत्कृष्ट सेवाकाल, अनुशासनप्रिय कार्यशैली तथा अपराध नियंत्रण में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित करते हुए हृदयस्पर्शी विदाई दी। अपने संबोधन में पुलिस आयुक्त ने कहा कि सरवणन टी. ने वाराणसी कमिश्नरेट में कर्तव्यनिष्ठा, मजबूत नेतृत्व क्षमता और जनसेवा के प्रति पूर्ण समर्पण का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनकी सेवाएं पूरे कमिश्नरेट के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी।इस अवसर पर सरवणन टी. को स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
विदाई समारोह में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरूणा जोन प्रमोद कुमार, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन आकाश पटेल सहित कमिश्नरेट के अन्य राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।
सरवणन टी. (2019 बैच आईपीएस) ने वाराणसी में अपनी तैनाती के दौरान अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सराहनीय भूमिका निभाई। उनका स्थानांतरण अब नए जिले में हुआ है, जहां वे नई जिम्मेदारियां संभालेंगे।