काशी विद्यापीठ में चला ऊर्जा बचत अभियान, कुलपति ने जारी किए खास निर्देश
Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. ए.के. त्यागी ने पर्यावरण एवं ऊर्जा संरक्षण को लेकर विश्वविद्यालय परिवार से विशेष अपील की है। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए कुलपति ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों से ऊर्जा बचत और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग का आह्वान किया।
कुलपति प्रो. त्यागी ने कहा कि विश्वविद्यालय के सभी सदस्य इंधन चालित वाहनों का उपयोग कम से कम करें। यदि वाहन का उपयोग करें तो वाहन खड़ा करते ही इंजन बंद कर दें और जहां तक संभव हो सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें। उन्होंने एक ही क्षेत्र से आने वाले लोगों से वाहन शेयरिंग अपनाने की भी अपील की।
परिसर में वाहन प्रयोग कम करने की सलाह
कुलपति ने निर्देश दिया कि विश्वविद्यालय परिसर में रहने वाले सदस्य कार्यालय आने-जाने के लिए वाहन का प्रयोग न करें। साथ ही परिसर में एक विभाग से दूसरे विभाग तक जाने के लिए भी वाहन इस्तेमाल करने से बचें।
उन्होंने कहा कि संकाय, विभाग, कक्षाओं और कार्यालयों में बिजली का उपयोग केवल आवश्यकता के अनुसार किया जाए। एसी का उपयोग कम से कम करने और अनावश्यक रूप से चल रहे पंखे व लाइट तुरंत बंद करने की सलाह भी दी गई।
शिक्षकों को ऊर्जा संरक्षण पर जागरूकता बढ़ाने का निर्देश
प्रो. त्यागी ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों से कहा कि वे प्रत्येक कक्षा के अंत में छात्र-छात्राओं को ऊर्जा संरक्षण के महत्व के बारे में अवश्य जानकारी दें।
इसके अलावा अगले आदेश तक विदेश यात्राओं पर रोक लगाने का फैसला किया गया है। वहीं सभी संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, निदेशकों और पाठ्यक्रम प्रभारियों से आगामी छह माह तक स्टडी टूर स्थगित रखने को कहा गया है।
कुलपति ने विश्वविद्यालय परिवार से स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने और अधिक से अधिक स्वदेशी सामग्रियों के उपयोग का भी आह्वान किया।