{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में आम से लदे ट्रक ने पिता-पुत्र को रौंदा, पिता की मौत; गुस्साए परिजनों ने हाईवे किया जाम

 

वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब आम से लदा एक तेज रफ्तार डीसीएम ट्रक अनियंत्रित होकर साइकिल से जा रहे पिता-पुत्र को रौंदते हुए पलट गया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

जानकारी के अनुसार, हटिया निवासी छेदी प्रजापति (65) अपने छोटे बेटे काशी प्रजापति (30) के साथ सुबह करीब छह बजे साइकिल से कुल्हड़ की सप्लाई देने बाजार जा रहे थे। दोनों परिवार के भरण-पोषण के लिए कुल्हड़ बनाने और बेचने का काम करते थे।

जब वे कादम्बिनी लॉन (टीवीएस शोरूम) के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रहा आम से लदा डीसीएम ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। पिता-पुत्र ने सड़क किनारे हटकर बचने की कोशिश की, लेकिन ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे के बाद ट्रक कुछ दूरी पर सुद्दीपुर स्थित हनुमान मंदिर के सामने पलट गया।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने छेदी प्रजापति को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके बेटे काशी का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

परिजनों ने लगाया जाम, यातायात ठप

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब ढाई घंटे तक हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा। जाम के कारण एयरपोर्ट जाने वाले यात्री, स्कूली बसें और अन्य वाहन लंबी कतारों में फंस गए।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

तीन महीने पहले बड़े बेटे की भी हुई थी मौत

परिजनों ने बताया कि छेदी प्रजापति के बड़े बेटे बनारसी प्रजापति की करीब तीन महीने पहले ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। उस हादसे के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में था। कुछ समय पहले ही परिवार ने फिर से कामकाज शुरू किया था और छेदी अपने छोटे बेटे के साथ रोजाना कुल्हड़ों की सप्लाई करने जाते थे।

लगातार दूसरी पारिवारिक त्रासदी ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।