{"vars":{"id": "130921:5012"}}

रामनगर में बेखौफ चेन स्नेचर! लस्सी कारोबारी की 20 ग्राम सोने की चेन छीनकर फरार, पुलिस पर मामले को दबाने का आरोप

 

वाराणसी। रामनगर नगर क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला किला रोड के एक लस्सी कारोबारी के साथ सामने आया है। बुधवार देर रात कोदोपुर से पार्टी कर घर लौट रहे राजेश पाल की बाइक सवार बदमाशों ने करीब 20 ग्राम सोने की चेन छीन ली और कटेसर की ओर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, पीड़ित ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं।

राजेश पाल के मुताबिक, बुधवार रात करीब 10 बजे वह कोदोपुर स्थित अपने मित्र रवि के घर से पार्टी कर लौट रहे थे। जैसे ही वह पीएसी के चांदमारी ग्राउंड के पास पहुंचे, पहले से मौजूद दो बाइकों पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रुकने का इशारा किया। राजेश के रुकते ही बाइक सवार बदमाशों ने पीछे से उनकी सोने की चेन झपट ली और कटेसर की ओर भाग निकले।

112 पर दी सूचना, पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप

घटना के तुरंत बाद राजेश ने डायल 112 और रामनगर पुलिस को सूचना दी। पीड़ित का आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच करने के बजाय उनसे वारदात को सही नहीं बताने का दबाव बनाया। उनका कहना है कि गुरुवार को भी पूरे दिन पुलिस मामले को लेकर टालमटोल करती रही। देर शाम उन्होंने थाने पहुंचकर तहरीर दी और मुकदमा दर्ज करने की मांग की। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था।

*25 दिन में चेन स्नेचिंग की दूसरी वारदात*

रामनगर क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की यह पहली घटना नहीं है। बीते दिनों नवरात्र के दौरान रामपुर निवासी एक महिला मेला घूमने आई थी। इसी दौरान बदमाश उसकी चेन छीनकर टेंगरा मोड़ की ओर फरार हो गए थे। उस मामले में महिला ने मुकदमा भी दर्ज कराया था, लेकिन अब तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका है।

लगातार हो रही इन घटनाओं ने नगर क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बीते 25 दिनों में सरेराह चेन छिनैती की दो घटनाएं सामने आने के बाद लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी नाराजगी है। अब सवाल यह है कि आखिर सरेराह वारदातों को अंजाम देकर फरार हो रहे बदमाश कब तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहेंगे?