{"vars":{"id": "130921:5012"}}

PM के संसदीय कार्यालय पहुंचे वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, सुनीं फरियादें; अधिकारियों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
 

 

वाराणसी। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना शनिवार को जवाहर नगर स्थित प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय पहुंचे। उनके आगमन की सूचना मिलते ही विभिन्न क्षेत्रों से फरियादी अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर कार्यालय पहुंचे।

इस दौरान करीब आधा दर्जन लोगों ने प्रभारी मंत्री को अपनी समस्याएं लिखित रूप से सौंपीं। मंत्री ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

शिवपुर निवासी विनय दुबे ने शिकायत पत्र देकर बताया कि उनका चयन प्रतापगढ़ के एक एडेड विद्यालय में हुआ है, लेकिन विद्यालय प्रबंधन उन्हें कार्यभार ग्रहण नहीं करने दे रहा है। उन्होंने मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की।

वहीं, सामनेघाट निवासी शिवकुमार ने इजरायल जाने के लिए पासपोर्ट नवीनीकरण से संबंधित समस्या मंत्री के समक्ष रखी और आवश्यक सहायता की मांग की।

इसके अलावा बजरडीहा तेलियाना के हाफिज ने बरसात से पहले क्षेत्र में सीवर लाइनों की सफाई कराने की मांग की। उनका कहना था कि हर वर्ष बारिश के दौरान जलभराव और गंदगी की समस्या से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने सभी शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी शिकायत को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।