{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में जलान शोरूम की पहली मंजिल पर लगी आग, मची अफरा-तफरी; दमकल की तीन गाड़ियों ने पाया काबू

 

वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र के दशाश्वमेध इलाके में बुधवार को जलान शोरूम की पहली मंजिल पर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शाहपुरी मॉल के बगल में स्थित शोरूम के किचन में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल की तीन गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है।

दमकल की तीन गाड़ियों ने बुझाई आग

जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर जलान शोरूम की पहली मंजिल पर स्थित किचन में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों की मशक्कत के बाद दोपहर दो बजे से पहले आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

घटना के बाद बिजली विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग लगने के संभावित कारणों की जांच शुरू की।

दीपावली के चलते तीन दिनों से बंद था शोरूम

बताया जा रहा है कि दीपावली पर्व के कारण जलान शोरूम पिछले तीन दिनों से बंद था। इसी दौरान बुधवार को शोरूम की पहली मंजिल पर आग लगने की घटना सामने आई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

मौके पर पहुंचे एसीपी और थाना प्रभारी

आग लगने की सूचना पर एसीपी दशाश्वमेध विवेक कुमार तिवारी, चौक थाना प्रभारी बीके शुक्ला और दशाश्वमेध थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

नुकसान का आकलन जारी

आग लगने से शोरूम में कितना नुकसान हुआ है, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। दुकान मालिक के अनुसार, नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग घटना के कारणों की जांच में जुटे हैं।