{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में आज भी चला फायर सेफ्टी अभियान: ऐलेन और महेंद्रा समेत15 कोचिंग संस्थानों को नोटिस, कई सील

लखनऊ अग्निकांड के बाद वाराणसी प्रशासन ने कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी जांच अभियान शुरू किया। निरीक्षण में 15 संस्थानों में गंभीर खामियां मिलीं। महेंद्रा, ALLEN और अन्य कई कोचिंग केंद्रों को सील किया गया, जबकि कई संस्थानों को नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए गए।

 

वाराणसी: लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद वाराणसी प्रशासन ने शहर के कोचिंग सेंटरों और व्यावसायिक संस्थानों में फायर सेफ्टी को लेकर बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को अग्निशमन विभाग और वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की संयुक्त टीम ने कई प्रमुख कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया, जिसमें सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई। कार्रवाई करते हुए महेंद्रा, ALLEN समेत कई कोचिंग केंद्रों को सील कर दिया गया, जबकि 15 संस्थानों को नोटिस जारी किया गया है।

शहर के प्रमुख कोचिंग सेंटरों में चला संयुक्त निरीक्षण अभियान

अग्निशमन विभाग और वीडीए की टीम ने सुबह 11 बजे से दुर्गाकुंड, संकटमोचन, मकबूल आलम रोड और खजूरी क्षेत्र स्थित विभिन्न कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण शुरू किया। जांच का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि संस्थानों में अग्नि सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का पालन हो रहा है या नहीं। निरीक्षण के दौरान कई संस्थानों में फायर सेफ्टी व्यवस्था अधूरी या निष्क्रिय पाई गई, जिससे अधिकारियों ने गंभीर चिंता जताई।

माइक्रोटेक और जेबीकेबी कोचिंग में मिली बड़ी खामियां

जांच के दौरान माइक्रोटेक कोचिंग में स्मोक डिटेक्टर बंद पाए गए। वहीं जेबीकेबी (JBKB) कोचिंग सेंटर में सुरक्षा व्यवस्था केवल अग्निशमन यंत्रों के भरोसे संचालित होती मिली।

इसके अलावा कई अन्य संस्थानों में आपातकालीन निकास मार्ग, फायर अलार्म सिस्टम और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरणों की कमी भी दर्ज की गई। अधिकारियों के मुताबिक कुल 15 कोचिंग संस्थानों में अलग-अलग प्रकार की सुरक्षा खामियां पाई गई हैं।

ALLEN और महेंद्रा समेत कई संस्थान सील

निरीक्षण के बाद वाराणसी विकास प्राधिकरण ने कड़ी कार्रवाई करते हुए महेंद्रा कोचिंग संस्थान, ALLEN के दो केंद्र, एल-1 कोचिंग सेंटर और आकाश के दो कोचिंग केंद्रों को सील कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि इन संस्थानों में अग्नि सुरक्षा के जरूरी मानकों का गंभीर उल्लंघन पाया गया था, जिसके चलते तत्काल कार्रवाई की गई।

कार्रवाई की भनक लगते ही कई संस्थानों में छुट्टी

प्रशासनिक कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई कोचिंग संस्थानों में हड़कंप मच गया। कुछ संस्थानों ने छात्रों की छुट्टी कर केंद्र बंद कर दिए। निरीक्षण के दौरान कौटिल्य अकादमी और मोमेंटम जैसे संस्थान बंद मिले। अधिकारियों ने बताया कि इन संस्थानों के संचालकों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

समय सीमा के भीतर सुधार के निर्देश

जिन संस्थानों में सुरक्षा खामियां मिली हैं, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय के भीतर सभी कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि तय समय सीमा के भीतर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित संस्थानों के खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फायर सेफ्टी को लेकर प्रशासन सख्त

लखनऊ में हाल ही में हुई आग की घटना के बाद वाराणसी प्रशासन किसी भी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि शहर के सभी कोचिंग सेंटरों, मॉल, अस्पतालों, व्यावसायिक भवनों और सार्वजनिक संस्थानों में फायर सेफ्टी ऑडिट जारी रहेगा।