{"vars":{"id": "130921:5012"}}

गंगा में नाव पर 'चिकन पार्टी' करने वाले पांच आरोपितों को मिली जमानत, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो

 

वाराणसी। गंगा नदी के बीच नाव पर नॉनवेज पार्टी करने और शराब सेवन के आरोप में गिरफ्तार किए गए पांच लोगों को अदालत से राहत मिल गई है। कार्यपालक मजिस्ट्रेट एवं सहायक पुलिस आयुक्त तृतीय की अदालत ने सभी आरोपितों को जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है।

अदालत ने प्रत्येक आरोपित को 20-20 हजार रुपये की दो-दो जमानतें और बंधपत्र प्रस्तुत करने की शर्त पर रिहा करने का निर्देश दिया। बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता विकास सिंह ने अदालत में आरोपितों का पक्ष रखा।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो

मामला उस समय चर्चा में आया जब मां गंगा में नाव पर नॉनवेज पार्टी और शराब सेवन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली थी।

वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस की सर्विलांस टीम ने जांच शुरू की और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान कर कार्रवाई की। पुलिस ने मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया था और संबंधित नाव को भी सीज कर दिया था।

छह माह पुराना निकला वीडियो

सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी के अनुसार जांच में सामने आया कि मानमंदिर घाट क्षेत्र में बनाया गया यह वीडियो लगभग छह माह पुराना था। जांच के बाद पुलिस ने सूजाबाद पड़ाव, रामनगर निवासी दीपक कुमार, नाव चालक अजय साहनी, डोमरी निवासी अरुण कुमार साहनी, अनुराग निषाद और राहुल साहनी को गिरफ्तार किया था।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

गौरतलब है कि इसी वर्ष मार्च महीने में भी गंगा नदी में नाव पर पार्टी करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस मामले में कोतवाली पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार किया था। बाद में उन आरोपितों को उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई थी।

फिलहाल ताजा मामले में भी अदालत द्वारा पांचों आरोपितों को जमानत दिए जाने के बाद उन्हें रिहा करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। यह मामला धार्मिक आस्था और सार्वजनिक आचरण को लेकर शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।