वाराणसी में पहली बार होगी प्रदेश स्तरीय विद्यालयीय हैंडबॉल प्रतियोगिता, 18 मंडलों के 2160 खिलाड़ी दिखाएंगे दम
वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पहली बार इतनी बड़ी प्रादेशिक विद्यालयीय हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। 21 से 25 अगस्त तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों से कुल 2160 खिलाड़ी, कोच और मैनेजर हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल, बड़ा लालपुर सहित शहर के अन्य खेल स्थलों पर आयोजित की जाएगी।
संयुक्त शिक्षा निदेशक वाराणसी मंडल दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रत्येक मंडल से 120 खिलाड़ियों, कोच और मैनेजरों का दल प्रतियोगिता में शामिल होगा। प्रतिभागियों के ठहरने की व्यवस्था के लिए शहर के विभिन्न कॉलेजों का चयन किया जा रहा है। इसके अलावा यूपी बोर्ड समेत अन्य बोर्ड के स्कूलों और कॉलेजों में उपलब्ध सुविधाओं का भी मूल्यांकन किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को प्रतियोगिता स्थल के आसपास ही आवास उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर उत्तर प्रदेश की हैंडबॉल टीम का चयन किया जाएगा, जो राष्ट्रीय विद्यालयीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी।
उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष डॉ. ए.के. सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का संचालन 30 निर्णायकों की देखरेख में होगा। इसमें कई अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के रेफरी एवं निर्णायकों को भी आमंत्रित किया गया है। प्रतियोगिता के लिए चार कोर्ट पर मुकाबले होंगे, जबकि एक अतिरिक्त कोर्ट अभ्यास के लिए आरक्षित रहेगा। प्रत्येक कोर्ट पर दो रेफरी, एक टाइमकीपर और एक स्कोरर तैनात रहेगा। सभी कोर्ट की तकनीकी तैयारियों की जिम्मेदारी 10 टेक्निकल अधिकारियों के पास होगी, जो 19 अगस्त से वाराणसी पहुंचना शुरू कर देंगे।
मंडलीय क्रीड़ा सचिव राजेश कुमार सिंह ने बताया कि वाराणसी पहली बार इतनी बड़ी विद्यालयीय हैंडबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। इसे सफल बनाने के लिए हर स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रतियोगिता के बाद वाराणसी को जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में प्रस्तावित राष्ट्रीय अंडर-17 बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी का भी अवसर मिलेगा। इससे शहर खेलों के क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित करेगा।