गुलाब बाग में 15.66 लाख की सड़क का शिलान्यास, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने रखी विकास कार्य की नींव
वाराणसी के गुलाब बाग में विकास कार्यों को गति देते हुए 15.66 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का सोमवार को विधिवत शिलान्यास किया गया। महानगर भाजपा अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन कर नारियल फोड़ते हुए सड़क निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। सड़क निर्माण शुरू होने से स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल रहा।
यह सड़क प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में त्वरित आर्थिक विकास योजना वर्ष 2025-26 के तहत स्वीकृत हुई है। योजना के अनुसार सी.16/187-7, गुलाब बाग से बी-15, गुलाब बाग तक करीब 97 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए 15.66 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, प्रखंड-वाराणसी को सौंपी गई है।
शिलान्यास के दौरान प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि क्षेत्र में सड़क, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचाना सरकार और संगठन की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में चंद्रशेखर उपाध्याय, रजत जायसवाल, आत्मा विश्वेश्वर, अजय गुप्ता, नवीन कपूर, मीडिया प्रभारी प्रमील पाण्डेय, सह मीडिया प्रभारी अशोक कुमार पाण्डेय, अखिलेंद्र सिंह ‘सनी’, अवधेश राय, विभव सिंह, कुसुम सिंह पटेल, राकेश जायसवाल, अनिल उपाध्याय, प्रमोद यादव ‘मुन्ना’, हीरा यादव, विनय सिंह, पिंटू जायसवाल समेत भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।