वाराणसी में तीन लाख से अधिक श्रमिकों के लिए चार मॉडल बिल्डिंग्स का होगा निर्माण, मिलेगा प्रशिक्षण
वाराणसी I वाराणसी जिले के तीन लाख से अधिक श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार और उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं श्रम विभाग द्वारा चार आधुनिक मॉडल बिल्डिंग्स बनाई जा रही हैं। इन बिल्डिंग्स के लिए श्रम विभाग ने गुरुधाम, हवेलिया, मंडुवाडीह और लोहता क्षेत्रों में जमीन चिह्नित कर ली है तथा आवश्यक एनओसी (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) के लिए आवेदन कर दिया गया है। एनओसी प्राप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
सहायक श्रम आयुक्त अविनाश तिवारी ने बताया कि ये मॉडल बिल्डिंग्स आधुनिक ढांचे पर आधारित होंगी, जिनमें ग्राउंड फ्लोर के अलावा दो मंजिलें होंगी। इन बिल्डिंग्स का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों को काम की तलाश में भटकने से रोकना और उन्हें सुविधाजनक मंच प्रदान करना है।
ग्राउंड फ्लोर पर श्रमिकों की बुनियादी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शौचालय, स्वच्छ पेयजल, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट्स और बैठने की उचित व्यवस्था की जाएगी।
पहली मंजिल पर एक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा, जहां श्रमिकों को उनकी वर्तमान दक्षता के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा। यहां नई तकनीकों से परिचित कराया जाएगा, ताकि उनकी कार्यक्षमता बढ़े और वे बेहतर मजदूरी वाले रोजगार के लिए तैयार हो सकें। प्रशिक्षित श्रमिकों को नौकरी मिलने की संभावनाएं भी काफी बढ़ जाएंगी।
दूसरी मंजिल पर वेटिंग हॉल और रेस्ट रूम बनाया जाएगा, जहां श्रमिक लंबे इंतजार के दौरान आराम कर सकेंगे। यह सुविधा विशेष रूप से उन श्रमिकों के लिए लाभदायक होगी जो काम की तलाश में घंटों इंतजार करते हैं।
अविनाश तिवारी ने कहा कि मॉडल बिल्डिंग बनने से श्रमिकों का जीवन स्तर सुधरेगा। जमीन की तलाश पूरी कर एनओसी के लिए आवेदन किया गया है। एनओसी मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
यह पहल श्रमिकों के कल्याण और कौशल विकास की दिशा में जिला प्रशासन की एक महत्वपूर्ण कदम है, जो वाराणसी के श्रमिक वर्ग को मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होगी।