{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काफिले की चार गाड़ियों को लगातार मारी टक्कर, बाल-बाल बचे भाजपा विधायक सुशील सिंह; साजिश का जताया शक
 

 

चंदौली। सैयदराजा से भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले में सोमवार देर शाम एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो घुस गई। स्कॉर्पियो ने विधायक की फॉर्च्यूनर समेत काफिले के कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि स्कॉर्पियो सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, विधायक सुशील सिंह बाल-बाल बच गए। घटना के बाद विधायक ने सुनियोजित साजिश की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की गहन जांच कराने की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो सवार चारों युवक घर से खाना लेकर अलीनगर स्थित एक निजी अस्पताल जा रहे थे। अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती एक महिला को खाना पहुंचाना था। इसी दौरान रास्ते में स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और एक के बाद एक कई वाहनों से टकरा गई। इनमें विधायक सुशील सिंह की फॉर्च्यूनर भी शामिल थी।

हादसे में चार युवक गंभीर रूप से घायल

दुर्घटना में घायल युवकों की पहचान पंकज यादव, प्रिंस यादव, सजीवन और सोनल यादव के रूप में हुई है। चारों सैयदराजा थाना क्षेत्र के बंशीपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। स्कॉर्पियो सवार युवकों के नशे में होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

विधायक ने जताई सुनियोजित साजिश की आशंका

भाजपा विधायक सुशील सिंह ने घटना को सामान्य सड़क दुर्घटना मानने से इनकार किया है। उनका कहना है कि स्कॉर्पियो ने उनके काफिले की चार गाड़ियों को लगातार टक्कर मारी। ऐसे में उन्होंने खुद को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई है। विधायक ने पुलिस को शिकायत देकर निष्पक्ष और गंभीर जांच की मांग की है।

सभी पहलुओं पर जांच में जुटी पुलिस

सदर कोतवाल त्रिवेणी सिंह ने बताया कि हादसे में घायल सभी युवकों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस वाहन की रफ्तार, चालक की स्थिति, दुर्घटना के कारणों और नशे में होने के आरोपों की पड़ताल कर रही है। विधायक की ओर से जताई गई साजिश की आशंका को भी जांच में शामिल किया गया है। मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।