{"vars":{"id": "130921:5012"}}

WhatsApp नंबर से तुरंत आयुष्मान कार्ड बनाने का फर्जीवाड़ा, CMO ने किया अलर्ट

 

वाराणसी : सोशल मीडिया पर आयुष्मान भारत योजना के तहत आसानी से आयुष्मान कार्ड बनवाने का दावा करने वाला एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। फेसबुक पर ‘रोमिता टेक’ नाम के अकाउंट से शेयर किए गए इस वीडियो में दावा किया जा रहा है कि 7290823838 नंबर पर WhatsApp के जरिए बातचीत
कर तुरंत आयुष्मान कार्ड बनवाया जा सकता है। वीडियो के वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोग इस दावे को सही मानकर दिए गए नंबर पर संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं।

मामले को लेकर वाराणसी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एनपी सिंह ने लोगों को सतर्क किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित इस सूचना को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताते हुए स्पष्ट किया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत WhatsApp के किसी अनजान नंबर पर संपर्क कर आयुष्मान कार्ड बनवाने की ऐसी कोई अधिकृत प्रक्रिया नहीं है।

सीएमओ ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान मोबाइल नंबर पर आधार कार्ड की जानकारी, OTP या अन्य व्यक्तिगत विवरण साझा न करें। ऐसा करने पर साइबर ठगी का शिकार होने का खतरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड बनवाने के लिए लोग अधिकृत माध्यमों का ही इस्तेमाल करें।

लाभार्थी अपना आयुष्मान कार्ड बनवाने या योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए निकटतम स्वास्थ्य केंद्र, योजना में सूचीबद्ध चिकित्सालय या संबंधित अधिकृत स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी आकर्षक दावे पर बिना सत्यापन के भरोसा करने से बचना जरूरी है।