वाराणसी की कचहरी में शुरू हुई मुफ्त Wi-Fi सेवा, QR कोड स्कैन करते ही मिलेगा हाई-स्पीड इंटरनेट
वाराणसी। स्मार्ट सिटी की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए नगर निगम वाराणसी ने कचहरी परिसर में मुफ्त हाई-स्पीड वाई-फाई सेवा शुरू कर दी है। बुधवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बनारस बार एसोसिएशन के सभागार में इस सुविधा का शुभारंभ किया।
नगर निगम की यह डिजिटल पहल पहले अस्सी घाट और दशाश्वमेध घाट से शुरू हुई थी। दूसरे चरण में बीएचयू अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर को मुफ्त वाई-फाई से जोड़ा गया। अब तीसरे चरण में कचहरी परिसर भी इस सुविधा से जुड़ गया है। इसके साथ ही शहर के पांच प्रमुख और व्यस्त स्थानों पर नागरिकों को मुफ्त इंटरनेट की सुविधा मिलने लगी है।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि आज के दौर में इंटरनेट लोगों की बुनियादी जरूरत बन चुका है। वाराणसी को आधुनिक और डिजिटल रूप से सशक्त शहर बनाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है, जिससे आम नागरिकों, अधिवक्ताओं और छात्रों को आसानी से इंटरनेट की सुविधा मिल सके।
वाई-फाई का उपयोग करने के लिए परिसर में विशेष सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। इन बोर्डों पर दिए गए QR कोड को मोबाइल से स्कैन करते ही उपयोगकर्ता बिना किसी शुल्क के हाई-स्पीड इंटरनेट सेवा का लाभ उठा सकेंगे।
इस परियोजना के संचालन और तकनीकी प्रबंधन की जिम्मेदारी बीएसएनएल को सौंपी गई है। बीएसएनएल के प्रधान महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि नेटवर्क को इस तरह तैयार किया गया है कि अधिक भीड़ होने पर भी इंटरनेट की स्पीड और कनेक्टिविटी प्रभावित न हो।
कार्यक्रम में सेंट्रल बार एसोसिएशन और बनारस बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों, नगर निगम अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बीएसएनएल के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।