{"vars":{"id": "130921:5012"}}

BHU ट्रॉमा सेंटर में मुफ्त वाई-फाई सेवा शुरू, मरीज अब मोबाइल पर डाउनलोड कर सकेंगे जांच रिपोर्ट
 

 

वाराणसी। मरीजों और तीमारदारों को बेहतर डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आईएमएस बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में निःशुल्क वाई-फाई सेवा शुरू कर दी गई है। अब ट्रॉमा सेंटर आने वाले मरीज ब्लड टेस्ट, एक्स-रे समेत अन्य जांचों की रिपोर्ट अपने मोबाइल फोन पर डाउनलोड कर सकेंगे और अस्पताल से जुड़ी विभिन्न जानकारियां भी ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे।

इस सुविधा का शुभारंभ गुरुवार को विश्वविद्यालय की कार्यकारिणी परिषद के सदस्य एवं महापौर अशोक कुमार तिवारी तथा कुलपति प्रोफेसर अजीत कुमार चतुर्वेदी ने किया।

ट्रॉमा सेंटर में वाराणसी, पूर्वांचल के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार समेत अन्य राज्यों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ओपीडी और वार्ड में भर्ती मरीजों को खून की जांच सहित अन्य मेडिकल रिपोर्ट पहले से ही मोबाइल पर उपलब्ध कराई जाती रही हैं। अब ट्रॉमा सेंटर परिसर और मरीजों-तीमारदारों के लिए बने वेटिंग हॉल में मुफ्त वाई-फाई सुविधा मिलने से इन रिपोर्टों को डाउनलोड करना और अस्पताल संबंधी जानकारी हासिल करना और भी आसान हो जाएगा।

ट्रॉमा सेंटर प्रभारी प्रोफेसर सौरभ सिंह ने इस पहल के लिए महापौर, बीएसएनएल के प्रमुख महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता और अन्य सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा मरीजों और उनके परिजनों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाएगी तथा उपचार के दौरान आवश्यक सूचनाओं, संचार माध्यमों और ऑनलाइन सेवाओं तक उनकी पहुंच को सरल बनाएगी।

कुलपति प्रोफेसर अजीत कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल कनेक्टिविटी की भूमिका लगातार बढ़ रही है। ट्रॉमा सेंटर में मुफ्त वाई-फाई उपलब्ध होने से मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर संचार, सूचना और ऑनलाइन सेवाओं तक सहज पहुंच मिल सकेगी। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए नगर निगम वाराणसी और बीएसएनएल का आभार व्यक्त किया।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि नगर निगम वाराणसी नागरिक सुविधाओं के विस्तार और स्मार्ट सिटी की परिकल्पना को साकार करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। ट्रॉमा सेंटर में शुरू की गई यह सुविधा उसी प्रयास की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में शहर के अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी ऐसी डिजिटल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।