Instagram पर हुई दोस्ती, शादी का वादा… वाराणसी बुलाकर दुष्कर्म का आरोप, युवक गिरफ्तार
वाराणसी। महाराष्ट्र के पालघर की युवती से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती कर उसे वाराणसी बुलाने और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में सारनाथ पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी के अनुसार, सारनाथ थाना क्षेत्र के पुरानापुल निवासी निहाल राजभर की करीब एक वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से महाराष्ट्र के पालघर की युवती से दोस्ती हुई थी। आरोप है कि जून माह में निहाल ने युवती को वाराणसी बुलाया और अपने घर पर रखा। इसी दौरान शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी ने कथित तौर पर युवती को बहला-फुसलाकर वापस मुंबई भेज दिया। सोमवार को युवती दोबारा वाराणसी पहुंची और आरोपी के घर जाकर शादी करने की बात कही। आरोप है कि युवक ने शादी से इनकार कर दिया, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर सारनाथ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुरानापुल चौकी प्रभारी अनुज शुक्ला ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी निहाल राजभर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।