{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी की सफाई से पेयजल तक हर व्यवस्था पर नगर आयुक्त की नजर, शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकारियों को अल्टीमेटम

 

वाराणसी। शहर की सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और सीवर से जुड़ी समस्याओं को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारि ने स्पष्ट किया है कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ काम पूरा करें और आम जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें।

गुरुवार को नगर निगम सभागार में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त ने स्वच्छता, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, पेयजल, सीवर, संपत्ति कर, स्ट्रीट लाइट और पेंशन समेत विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार लाने और लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।

स्वच्छता रैंकिंग सुधारने पर जोर, घाटों पर लिखे जाएंगे जागरूकता संदेश

बैठक में अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया। इसमें मैकेनिकल स्वीपिंग, आरआरआर, वेस्ट टू वंडर, एमआरएफ प्लांट और पुराने कचरे के निस्तारण से संबंधित कार्यों की जानकारी दी गई।

नगर आयुक्त ने शहर में नियमित साफ-सफाई की निगरानी करने और स्वच्छता रैंकिंग सुधारने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने घाटों और डस्टबिन पर स्वच्छता से जुड़े जागरूकता स्लोगन लिखवाने का सुझाव दिया। साथ ही पक्के महाल की संकरी गलियों में कूड़ा फेंकने की समस्या रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने और जांच के बाद लापरवाही करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों को समय से जारी करने और एमआरएफ प्लांट के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया तेज करने को भी कहा गया। इसके लिए राजस्व विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बोगस डिमांड की जांच करेंगे जोनल अधिकारी

संपत्ति कर और राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारियों को बोगस डिमांड से जुड़े मामलों की जांच कर उनका निस्तारण करने को कहा। करेत्तर विभाग के विभिन्न मदों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने राजस्व वसूली बढ़ाने और लंबित मामलों को जल्द निपटाने पर जोर दिया। वहीं, परिवहन विभाग की ओर से संचालित वाहनों का विवरण भी बैठक में प्रस्तुत किया गया।

पेयजल और सीवर के काम में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में पेयजल और सीवर परियोजनाओं की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह और जल निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर कमल सिंह ने 22 वार्डों में पेयजल व सीवर लाइन बिछाने के काम, ओवरहेड टैंक (ओएचटी) निर्माण, रामनगर पेयजल परियोजना, 1132 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन, एसटीपी और पंपिंग स्टेशनों की स्थिति की जानकारी दी। वरुणा इंटरसेप्टर की डीपीआर शासन को भेजे जाने की भी जानकारी दी गई।

नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर ओएचटी निर्माण के लिए एनओसी मिल चुकी है, वहां तत्काल काम शुरू कराया जाए। जिन क्षेत्रों में ट्यूबवेल लगाने की व्यवस्था है, वहां भी निर्माण कार्य में देरी न हो। भूमि संबंधी समस्याओं का समाधान करने के लिए सहायक नगर आयुक्तों को जिम्मेदारी सौंपी गई। जल निगम को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और शिकायतें बढ़ने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई।

चितईपुर में जलभराव की समस्या दूर करने पर जोर

चितईपुर क्षेत्र के मुख्य मार्गों और कॉलोनियों में जलभराव की समस्या को लेकर भी नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए। स्वीकृत परियोजनाओं को पीडब्ल्यूडी के साथ समन्वय बनाकर आगे बढ़ाने और जरूरी कार्य जल्द पूरा कराने को कहा गया। इसके अलावा घाटों पर पानी का बहाव रोकने और मणिकर्णिका घाट की मरम्मत कराकर व्यवस्था तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए गए।

शहर में लगी हैं 88,726 स्ट्रीट लाइटें

आलोक विभाग की समीक्षा में बताया गया कि वाराणसी में विभिन्न योजनाओं और मदों के तहत कुल 88,726 स्ट्रीट लाइटें लगी हुई हैं। इनमें हेरिटेज लाइट, स्मार्ट सिटी, पार्षद कोटे और हृदय योजना के तहत लगाई गई लाइटें शामिल हैं।

नगर आयुक्त ने ईईएसएल की ओर से लगाई गई 36 हजार लाइटों की स्थिति तत्काल जांचने के निर्देश दिए। इसके साथ ही शहर के प्रमुख स्थानों पर आकर्षक लाइटें लगाने के लिए उपयुक्त जगहों को चिह्नित कर प्रस्ताव तैयार करने को कहा।

पेंशन और बकाया शिकायतों का जल्द होगा निस्तारण

बैठक में सीएफओ मनीष शुक्ला ने नगर निगम के बजट और आय-व्यय का मदवार विवरण प्रस्तुत किया। इस दौरान पेंशन और अन्य बकाया भुगतान से संबंधित शिकायतों पर भी चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को ऐसी शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह, दुर्गेश मिश्रा, विनोद कुमार गुप्ता, अपर नगर आयुक्त सहित विभिन्न जोन के अधिकारी, विभागाध्यक्ष, जलकल और जल निगम के प्रतिनिधि समेत नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।