फ्लश से लेकर गद्दों तक नोट ही नोट! कानपुर में रिटायर्ड अफसर की 100 करोड़ से ज्यादा संपत्ति, जांच एजेंसियां भी दंग
कानपुर में रिटायर्ड कमर्शियल टैक्स एडिशनल कमिश्नर केशव लाल की 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का खुलासा हुआ है। विजिलेंस जांच में आय से अधिक संपत्ति, कई शहरों में प्रॉपर्टी और करोड़ों की नकदी-गहनों का मामला सामने आया है।
कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में कमर्शियल टैक्स विभाग के रिटायर्ड एडिशनल कमिश्नर केशव लाल की 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का खुलासा होने से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। विजिलेंस जांच रिपोर्ट में उनकी संपत्ति आय के ज्ञात स्रोतों से कई गुना अधिक पाई गई है।
यह मामला वर्ष 2017 की उस चर्चित रेड से जुड़ा है, जब आयकर विभाग ने कानपुर में उनके आवास पर छापेमारी कर करीब 10 करोड़ रुपये नकद और 3 करोड़ रुपये के आभूषण बरामद किए थे। उस दौरान बाथरूम के फ्लश, गद्दों, अलमारियों, पूजा कक्ष और डिब्बों तक में नोटों की गड्डियां मिली थीं।
9 साल की जांच के बाद बड़ा खुलासा
रेड के बाद शुरू हुई विस्तृत जांच अब पूरी हो चुकी है। विजिलेंस ने अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है, जिसमें केशव लाल की कुल संपत्ति 100 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
पांच शहरों में करोड़ों की संपत्ति
जांच में सामने आया कि केशव लाल के पास लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, गाजियाबाद और नोएडा समेत पांच शहरों में कई महंगी संपत्तियां हैं। इनमें लखनऊ में दो और अन्य शहरों में एक-एक प्रॉपर्टी शामिल है। सभी संपत्तियों की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
पहले ही हो चुकी है अनिवार्य सेवानिवृत्ति
रेड के बाद सरकार ने केशव लाल को अनिवार्य सेवानिवृत्ति (Compulsory Retirement) दे दी थी। बाद में विस्तृत जांच रिपोर्ट के आधार पर योगी सरकार ने उनकी पेंशन भी रोक दी।
सरकार करेगी आगे की कार्रवाई
विजिलेंस रिपोर्ट सरकार को सौंपे जाने के बाद अब मामले में आगे की विभागीय और कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत अगला चरण शुरू हो सकता है।