{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वीरता से लेकर विज्ञान तक...PM राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन शुरू, जानें पूरी डिटेल

 

वाराणसी। असाधारण प्रतिभा रखने वाले बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने के लिए भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने 'प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026' के लिए ऑनलाइन आवेदन और नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। वाराणसी के जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार मिश्रा ने जनपद के अभिभावकों, विद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं से अधिक से अधिक योग्य बच्चों का नामांकन कराने की अपील की है।

जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के तहत उन बच्चों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने किसी भी क्षेत्र में उल्लेखनीय और असाधारण उपलब्धि हासिल की है। इच्छुक बच्चे स्वयं भी आवेदन कर सकते हैं, वहीं विद्यालय, संस्थाएं या अन्य पात्र व्यक्ति भी उनका नामांकन कर सकते हैं।

इन छह श्रेणियों में मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 के लिए नामांकन निम्नलिखित छह श्रेणियों में आमंत्रित किए गए हैं—

  • वीरता (Bravery)
  • खेलकूद (Sports)
  • सामाजिक सेवा (Social Service)
  • विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी (Science & Technology)
  • पर्यावरण (Environment)
  • कला एवं संस्कृति (Art & Culture)

विज्ञान और नवाचार करने वाले बच्चों के लिए विशेष अवसर

महिला कल्याण विभाग ने विशेष रूप से ऐसे बच्चों को आवेदन के लिए प्रेरित किया है, जिन्होंने रोबोटिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी, पर्यावरण संरक्षण, वैज्ञानिक अनुसंधान, इनोवेशन, प्रोटोटाइप, मॉडल या किसी नए उत्पाद के विकास में उल्लेखनीय कार्य किया है।

31 जुलाई तक करें आवेदन

पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन और नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। विभाग ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे अपने आसपास की प्रतिभाशाली बच्चों की पहचान कर समय रहते उनका नामांकन कराएं।

महत्वपूर्ण जानकारी

  • आवेदन का माध्यम: ऑनलाइन
  • अंतिम तिथि: 31 जुलाई 2026
  • आधिकारिक वेबसाइट: https://awards.gov.in