{"vars":{"id": "130921:5012"}}

एयरपोर्ट विस्तार से कैंट रोपवे तक...DM ने परखी विकास परियोजनाओं की रफ्तार, निर्माण कार्य तेज के दिए निर्देश

 

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने रविवार को शहर में चल रही कई महत्वपूर्ण निर्माणाधीन परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल, निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज, लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के विस्तार से जुड़े कार्यों और कैंट रोपवे स्टेशन पर बन रहे फुट ओवरब्रिज का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को परियोजनाओं में तेजी लाने और तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

अप्रैल तक पूरा हो 198 बेडेड एक्सटेंशन का काम

जिलाधिकारी ने पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में बन रहे 198 बेडेड एक्सटेंशन का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को हर हाल में अप्रैल 2027 तक निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके लिए जरूरत के मुताबिक कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने और निर्माण की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं करने को कहा।

उन्होंने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में फैकल्टी और सपोर्ट स्टाफ के आवास की व्यवस्था कैंपस में ही कराने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए।

डीएम ने 100 बेड के आईसीयू निर्माण की प्रगति की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) की फंडिंग से इसका निर्माण कराया जाएगा और ले-आउट का काम पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी ने आईसीयू निर्माण में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।


एयरपोर्ट विस्तार के लिए अंडरपास का लिया जायजा

इसके बाद जिलाधिकारी लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे विस्तार से संबंधित एनएच-56 पर प्रस्तावित अंडरपास का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों से परियोजना की प्रगति, डिजाइन पैरामीटर्स और निर्माण की प्रक्रिया की जानकारी ली।

डीएम ने आगे के निर्माण कार्यों के लक्ष्य को लेकर अधिकारियों से चर्चा की और परियोजना में बाधा बन रहे शेष मकानों की शिफ्टिंग जल्द कराने के निर्देश दिए।

कैंट रोपवे स्टेशन पर FOB और फिनिशिंग कार्य देखा

जिलाधिकारी ने कैंट रोपवे स्टेशन पर बन रहे फुट ओवरब्रिज (FOB) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर चल रहे आर्ट वर्क और फिनिशिंग के कार्यों की प्रगति देखी।

उन्होंने रोपवे अधिकारियों को अन्य स्टेशनों पर बचे हुए कार्यों को भी युद्धस्तर पर पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना के निर्माण कार्य समय से पूरे किए जा सकें।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसपी मिश्रा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रेम प्रकाश समेत संबंधित विभागों और निर्माण इकाइयों के अधिकारी मौजूद रहे।