वाराणसी में गेल इंडिया का बड़ा मुकाम: 1 लाखवां डीपीएनजी उपभोक्ता सम्मानित, महापौर ने शुरू की गैस आपूर्ति
वाराणसी। तरना स्थित शांति कुंज अपार्टमेंट में शनिवार को गेल (इंडिया) लिमिटेड ने एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर अपने 1,00,000वें डीपीएनजी (डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस) उपभोक्ता को सम्मानित किया। यह उपलब्धि वाराणसी में स्वच्छ, सुरक्षित और सुलभ ऊर्जा के प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है।
कार्यक्रम में वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। गेल की ओर से महाप्रबंधक सुशील कुमार, प्रवीण सिंह, देबाशीष साहू, सुमित सागर और जे. आकाश समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान महापौर अशोक कुमार तिवारी ने एक लाखवें डीपीएनजी उपभोक्ता को प्रमाणपत्र और उपहार हैम्पर देकर सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने शांति कुंज अपार्टमेंट में पीएनजी गैस आपूर्ति का शुभारंभ भी किया, जिससे क्षेत्र में पाइप्ड नेचुरल गैस नेटवर्क के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
गेल वाराणसी के महाप्रबंधक सुशील कुमार ने कहा कि कंपनी तेजी से घर-घर पीएनजी कनेक्शन पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को भी पीएनजी से जोड़ा जा रहा है, जिससे लोगों को एलपीजी सिलेंडर की झंझट से राहत मिल रही है। उन्होंने पीएनजी को सुरक्षित, विश्वसनीय, पर्यावरण अनुकूल और चौबीसों घंटे उपलब्ध रहने वाला ईंधन बताया।
गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी में अपने संचालन के बाद से गैस पाइपलाइन नेटवर्क के विस्तार, सीएनजी स्टेशनों के विकास और उपभोक्ताओं को निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। कंपनी शहर में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अपने संबोधन में गेल इंडिया लिमिटेड के प्रयासों की सराहना करते हुए नागरिकों से पीएनजी अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह सुविधा न केवल सुरक्षित है, बल्कि लोगों के दैनिक जीवन को भी अधिक सरल और सुविधाजनक बनाती है। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित में लगातार कार्य कर रही है और आने वाले समय में कई नई परियोजनाएं वाराणसी के विकास को नई दिशा देंगी।
कार्यक्रम के अंत में एक लाखवें उपभोक्ता को सम्मानित कर लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। यह आयोजन वाराणसी में स्वच्छ ऊर्जा क्रांति की दिशा में गेल इंडिया लिमिटेड की बढ़ती पहुंच और प्रतिबद्धता का प्रतीक बनकर उभरा।