देव दीपावली से पहले नमो घाट पर सजेगा गंगा महोत्सव, चार शामों में 45 प्रस्तुतियां
वाराणसी। देव दीपावली से पहले काशी के नमो घाट पर 20 से 23 नवंबर तक चार दिवसीय गंगा महोत्सव होगा। शुक्रवार शाम सात बजे डमरू और शंख के मंगल वादन से महोत्सव की शुरुआत होगी। चार दिनों में स्थानीय और देश के विभिन्न हिस्सों से आए 50 से अधिक कलाकार 45 प्रस्तुतियां देंगे। राघव और प्राची की भजन क्लबिंग, कल्पना पटवारी के भोजपुरी लोकगीत और कुमार सत्यम का भजन गायन महोत्सव के प्रमुख आकर्षण होंगे।
20 नवंबर को इलेक्ट्रॉनिक बीट्स के साथ गूंजेंगे भजन
उद्घाटन की शाम डमरू और शंख वादन के बाद राघव और प्राची ‘बैकस्टेज सिबलिंग्स’ के साथ ‘काशी भजन क्लबिंग’ पेश करेंगे। इस प्रस्तुति में पारंपरिक भजनों को इलेक्ट्रॉनिक बीट्स और आधुनिक रोशनी के साथ मंच पर उतारा जाएगा। इस प्रयोग का मकसद युवाओं को भक्ति संगीत से जोड़ना है।
21 नवंबर को सबसे ज्यादा 16 प्रस्तुतियां
महोत्सव के दूसरे दिन 18 से अधिक कलाकार मंच पर उतरेंगे। अमलेश शुक्ला, आस्था शुक्ला, पं. जयंत खोत, डॉ. ऋषि मिश्र और वर्षा तिवारी समेत कई कलाकार शास्त्रीय, लोक और सुगम संगीत पेश करेंगे। सौरभ-गौरव मिश्र, सोनी सेठ, अदिति शर्मा और वर्षा मिश्रा की कथक प्रस्तुतियां भी होंगी। नीरज मिश्र के त्रिशूल बैंड के समूह वादन के बाद नीलेश और निकेश कुमार मलिक के भजनों के साथ दिन का कार्यक्रम संपन्न होगा।
22 नवंबर को कल्पना पटवारी सुनाएंगी भोजपुरी लोकगीत
तीसरे दिन की 15 प्रस्तुतियों में लोक गायिका कल्पना पटवारी का कार्यक्रम खास रहेगा। सरिता सेठ, डॉ. जान्हवी पाण्डेय और रंजना राय भी लोकगीत पेश करेंगी, जबकि पं. अनूप मिश्र और आर्यन मिश्र का शास्त्रीय युगल गायन होगा। कथक और ब्रज लोकनृत्य के साथ अवंतिका महाराज का तबला वादन और अंशुमान महाराज की ‘काशी रस वाद्य वृंद’ प्रस्तुति भी कार्यक्रम में शामिल है।
23 नवंबर को ताल वाद्य कचहरी और कुमार सत्यम के भजन
समापन की शाम 12 प्रस्तुतियां होंगी। पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र की ‘ताल वाद्य कचहरी’ और भजन व गजल गायकी के लिए पहचाने जाने वाले कुमार सत्यम का भजन गायन प्रमुख आकर्षण रहेगा। इसके अलावा भरतनाट्यम, कथक, ओडिसी, शास्त्रीय संगीत और लोक गायन के कार्यक्रम होंगे। मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह के मुताबिक, काशी सांसद सांस्कृतिक प्रतियोगिता के विजेताओं को भी महोत्सव में प्रस्तुति का अवसर दिया गया है। इसके अगले दिन, 24 नवंबर को काशी में देव दीपावली मनाई जाएगी।