गंजारी स्टेडियम निर्माण 75% पूरा, कमिश्नर ने किया निरीक्षण, 2026 अप्रैल तक बचा काम हो जाएगा पूरा
वाराणसी। गंजारी स्थित अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (Ganjari International Cricket Stadium) के निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने मौके पर पहुंचकर चल रहे कार्यों की समीक्षा की और प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। अधिकारियों ने अवगत कराया कि स्टेडियम का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। बारिश के कारण रुके हिस्सों को अब पुनः शुरू कर दिया गया है और उम्मीद है कि शेष कार्य मार्च–अप्रैल 2026 के मध्य तक पूरा कर लिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने निर्माण स्थल पर मौजूद चुनौतियों और बाधाओं के बारे में भी जानकारी हासिल की और संबंधित विभागों को समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी अवशेष कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
स्टेडियम को जोड़ने वाले मार्गों के चौड़ीकरण की समीक्षा
मंडलायुक्त ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग- हरसोस–सुईचक–गंगापुर मार्ग और रोहनियां–गंगापुर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों की भी गहन समीक्षा की।
हरसोस–सुईचक–गंगापुर मार्ग
अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि इस मार्ग पर 7 मीटर चौड़ी बिटुमिनस सड़क बनाई जा रही है, जिसके दोनों ओर 2-2 मीटर केसी ड्रेन और इंटरलॉकिंग टाइल्स की व्यवस्था होगी। इसके लिए कुल 12 मीटर भूमि की आवश्यकता है। पहले यहां 0.700 से 1.700 किमी तक सर्विस रोड प्रस्तावित थी, जिसे 30 मीटर चौड़ाई चाहिए थी, लेकिन अब वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था किए जाने के बाद पूरे मार्ग को दो लेन में एकसमान बनाने का निर्णय लिया गया है।
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थलों पर चौड़ीकरण कार्य अधूरा मिला, जिस पर मंडलायुक्त ने तुरंत कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
रोहनियां–गंगापुर मार्ग
अधिशासी अभियंता ने मंडलायुक्त को बताया कि 5.680 किमी लंबे इस मार्ग का दो-लेन में चौड़ीकरण किया जा रहा है।
-
DBM (Dense Bituminous Macadam) कार्य पूरा
-
दो स्थानों पर CC (कंक्रीट सीमेंट) कार्य जारी
-
BC (Bituminous Concrete) कार्य शेष
मंडलायुक्त ने अधिशासी अभियंता को BC कार्य जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्टेडियम निर्माण से जुड़ी एजेंसियों के प्रतिनिधि, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंडलायुक्त ने दोहराया कि यह परियोजना वाराणसी के लिए प्रतिष्ठा का विषय है, इसलिए निर्माण की गुणवत्ता और समयबद्धता किसी भी हाल में प्रभावित नहीं होनी चाहिए।