श्रद्धालुओं के भोजन पर संकट! सूचना मिलते ही वाराणसी DM ने अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र में पहुंचवाए 20 गैस सिलेंडर
वाराणसी। शहर के प्रसिद्ध अन्नपूर्णा मठ मंदिर में संचालित अन्नक्षेत्र में गैस सिलेंडर की कमी की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर गैस एजेंसी के माध्यम से मंदिर परिसर में 20 गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए, जिससे अन्नक्षेत्र की रसोई दोबारा सुचारु रूप से चलने लगी है।
जानकारी के अनुसार अन्नपूर्णा मठ मंदिर में चल रहे अन्नक्षेत्र में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों को भोजन कराया जाता है। हाल ही में गैस सिलेंडर की कमी के कारण रसोई संचालन प्रभावित होने की सूचना प्रशासन तक पहुंची थी।
मामले की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने तुरंत संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर व्यवस्था सुनिश्चित कराई। इसके बाद गैस एजेंसी की ओर से मंदिर में 20 गैस सिलेंडर पहुंचाए गए। इस दौरान जिलाधिकारी ने महंत शंकर पुरी से भी बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली।