PM मोदी के स्वागत में गुलाब की पंखुड़ियां बरसाएगी Gen Z, काशी में आठ स्थानों पर शंखनाद और डमरू वादन की तैयारी
Varanasi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर को प्रस्तावित वाराणसी आगमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने स्वागत की तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को गुलाबबाग स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में राष्ट्रीय मंत्री जगदीश पटेल की अगुवाई में बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारियों की समीक्षा की गई और पार्टी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में विशेष रूप से जेन-जी यानी युवा पीढ़ी को स्वागत कार्यक्रमों से जोड़ने पर जोर दिया गया।
भाजपा महानगर की योजना के अनुसार, पुलिस लाइन से नमो घाट तक आठ प्रमुख स्थानों पर प्रधानमंत्री का स्वागत किया जाएगा। इस दौरान गुलाब की पंखुड़ियों से पुष्पवर्षा, शंखनाद, डमरू वादन और ढोल-नगाड़ों के माध्यम से काशी की सांस्कृतिक परंपराओं की झलक प्रस्तुत की जाएगी।
अरविंद मिल से पुलिस लाइन पहुंचेंगे प्रधानमंत्री, नमो घाट पर देखेंगे एयर शो
बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को वाराणसी पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वह सेना के हेलीकॉप्टर द्वारा पहले अरविंद मिल जाएंगे, जहां आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन पहुंचेगा।
पुलिस लाइन से प्रधानमंत्री सड़क मार्ग द्वारा सांस्कृतिक संकुल और चौकाघाट होते हुए नमो घाट पहुंचेंगे। यहां वह भारतीय वायुसेना के 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति भी प्रस्तावित है।
राष्ट्रीय मंत्री जगदीश पटेल बोले—पीएम के भव्य स्वागत के लिए तैयार है काशी
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री जगदीश पटेल ने कहा कि काशीवासियों के लिए यह गर्व का अवसर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके सांसद हैं। उन्होंने कहा कि काशी में राफेल और सुखोई जैसे लड़ाकू विमानों के साथ सारंग हेलीकॉप्टर का हवाई प्रदर्शन भारतीय वायुसेना के शौर्य को प्रदर्शित कर रहा है।
जगदीश पटेल ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के स्वागत में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारी अपने साथ युवा पीढ़ी, विशेषकर जेन-जी को भी स्वागत कार्यक्रम में शामिल करें।
पुलिस लाइन में सबसे पहले मातृशक्ति करेगी स्वागत
भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन में उतरने के बाद सबसे पहले महिला मोर्चा की कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगी। उन्होंने बताया कि पुलिस लाइन से नमो घाट तक आठ प्रमुख स्वागत स्थल निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक स्थल पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
काशी क्षेत्र के प्रभारी रमेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पूरे शहर में सजावट की जा रही है। बूथ और मंडल स्तर से लेकर काशी क्षेत्र तक के पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हैं।
क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि स्वागत कार्यक्रमों में काशी की आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक गौरव और जनभागीदारी की झलक दिखाई देगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से तैयारियों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने का आह्वान किया।
इन आठ स्थानों पर होगा प्रधानमंत्री का स्वागत
1. पुलिस लाइन (उमा नेत्रालय) : मंत्री रविंद्र जायसवाल के नेतृत्व में पूनम मौर्या, पूजा दीक्षित, चंद्रशेखर उपाध्याय, मृदुला जायसवाल और महिला मोर्चा की कार्यकर्ता स्वागत की जिम्मेदारी संभालेंगी।
2. पुलिस लाइन मोड़ : महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अगुवाई में पूर्व महापौर रामगोपाल मोहले, अशोक जाटव, अखिलेन्द्र सिंह सन्नी, संजय राय, सुधीर मिश्रा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का अभिनंदन करेंगे।
3. सांस्कृतिक संकुल : महापौर अशोक तिवारी, पूर्व एमएलसी शिवनाथ यादव, प्रेम कपूर, नवीन कपूर, अवधेश राय और अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी स्वागत करेंगे।
4. लकड़ी मंडी तिराहा, चौकाघाट : एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी, दिनेश कुमार दीनू, हीरा यादव, दिलीप चौहान और पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
5. गोलगड्डा तिराहा : कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव के नेतृत्व में मनीष कपूर, जगन्नाथ ओझा, मधुप सिंह, योगेश सिंह पिंकू और किसान मोर्चा के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे।
6. कज्जाकपुरा : मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', पूर्व महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, राहुल सिंह, दीपेश वशिष्ठ और कैंट मंडल के कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का अभिनंदन करेंगे।
7. भदऊ चुंगी मोड़ : दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में नरसिंह दास, सत्येंद्र सिंह, अक्षयवर सिंह और काशी विश्वनाथ मंडल के पदाधिकारी स्वागत की जिम्मेदारी निभाएंगे।
8. नमो घाट मोड़ : सुरेश चौरसिया, रोहित जायसवाल, अमरेश गुप्ता सहित विभिन्न मंडलों के कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे।
बैठक का संचालन अशोक जाटव ने किया, जबकि जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
भाजपा महानगर की ओर से कहा गया कि प्रधानमंत्री के स्वागत में काशी की पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं। स्वागत कार्यक्रमों का आयोजन सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा।
बैठक में मंत्री रविंद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', एमएलसी अश्वनी त्यागी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव, मीडिया संयोजक प्रमील पाण्डेय, सह संयोजक विकास बागी, अजय गुप्ता, अशोक जाटव, महिमा चिंतक, डॉ. अशोक राय, नेहा कक्कड़, योगेश वर्मा, जगन्नाथ ओझा, अनुराग शर्मा, नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर, संजय सोनकर, पंकज चतुर्वेदी, प्रज्ञा पाण्डेय और शैलेंद्र मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।