बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा मौका! वाराणसी में 4 जुलाई को लगेगा जॉब फेयर, 10 कंपनियां करेंगी भर्ती, जानें पूरी डिटेल
वाराणसी। बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से 4 जुलाई को चौकाघाट स्थित कार्यालय परिसर में एक दिवसीय निशुल्क रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में करीब 10 निजी कंपनियां हिस्सा लेंगी और विभिन्न पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
रोजगार मेले का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। अभ्यर्थी 4 जुलाई को सुबह 11:30 बजे अपना बायोडाटा लेकर सीधे रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं।
इन कंपनियों में मिलेगी नौकरी
मेले में एनएसएस सिक्योरिटी सर्विसेस टाटा एयरपोर्ट, रांची एयरपोर्ट और गया एयरपोर्ट के लिए सिक्योरिटी गार्ड और ड्राइवर पदों पर भर्ती करेगी। इन पदों के लिए इंटरमीडिएट पास, 18 से 45 वर्ष आयु के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को 19 हजार से 25 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा।
वहीं, टाटा स्ट्राइव द्वारा फ्रंट ऑफिस, हाउसकीपिंग, रेस्टोरेंट मैनेजर और किचन स्टाफ के पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए इंटरमीडिएट पास और 18 से 35 वर्ष आयु के अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 15 हजार से 20 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।
ट्राई फोर्स कंपनी हेल्पर, राजमिस्त्री और बढ़ई मिस्त्री के पदों पर भर्ती करेगी। हाईस्कूल पास, 18 से 40 वर्ष आयु के अभ्यर्थी इसमें भाग ले सकते हैं। इन पदों पर 14 हजार से 20 हजार रुपये तक वेतन मिलेगा।
इसके अलावा आरएसजी कंपनी सर्वे एग्जीक्यूटिव, सुपरवाइजर, एचआर मैनेजर और कंप्यूटर ऑपरेटर जैसे पदों पर भर्ती करेगी। इंटरमीडिएट, स्नातक और परास्नातक योग्यता रखने वाले 18 से 40 वर्ष आयु के अभ्यर्थी इसमें आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को 14 हजार से 24 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।
बायोडाटा लेकर पहुंचे अभ्यर्थी
रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 4 जुलाई, शनिवार को सुबह 11:30 बजे अपना बायोडाटा और आवश्यक दस्तावेज लेकर क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, चौकाघाट पहुंचकर रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं।