नवरात्र में ट्रेन से सफर करने वालों के लिए खुशखबरी, वाराणसी जंक्शन पर व्रतियों को मिलेगा सात्विक और फलाहारी खाना
नवरात्र के दौरान व्रत रखने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए वाराणसी जंक्शन पर विशेष खान-पान की व्यवस्था की गई है। अब व्रत के दिनों में ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को फलाहार के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। रेलवे की ओर से यात्रियों को साबूदाने की खिचड़ी, जीरा आलू, फल और बिना लहसुन-प्याज वाली शाकाहारी थाली उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है। वंदे भारत ट्रेन में भी व्रत के अनुकूल भोजन की सुविधा मिलेगी। रविवार से शुरू हो रहे शारदीय नवरात्र को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है, ताकि नौ दिनों तक व्रत रखने वाले यात्रियों को सफर के दौरान अपनी खान-पान संबंधी जरूरतों के लिए परेशान न होना पड़े।
नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु नौ दिनों तक व्रत रखते हैं और इस दौरान लहसुन-प्याज सहित कई खाद्य पदार्थों का सेवन नहीं करते। यात्रियों की इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए वाराणसी जंक्शन के खान-पान केंद्रों पर विशेष भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। वंदे भारत ट्रेन में फलाहार लेने के इच्छुक यात्रियों को टिकट आरक्षित कराते समय ही ऑनलाइन अपनी मांग दर्ज करानी होगी। वहीं, स्टेशन पर भोजन लेने वाले यात्रियों को संबंधित खान-पान केंद्र पर अपनी पसंद और जरूरत बतानी होगी।
फूड प्लाजा और जनाहार में मिलेगी शाकाहारी थाली
वाराणसी जंक्शन पर रोजाना बड़ी संख्या में यात्री आते-जाते हैं। ऐसे में नवरात्र के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए फूड प्लाजा और जनाहार में बिना लहसुन-प्याज वाला शाकाहारी भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। यात्री ऑर्डर देते समय अपनी पसंद के व्यंजन बता सकेंगे। थाली की कीमत उसमें शामिल खाद्य सामग्री के अनुसार तय होगी। इसके अलावा यात्रियों को निर्धारित खान-पान केंद्रों पर फलाहार और लस्सी की सुविधा भी मिलेगी।
वाराणसी जंक्शन के स्टेशन डायरेक्टर अर्पित गुप्ता ने बताया कि नवरात्र के दौरान यात्रियों को उनकी मांग और पसंद के अनुसार शुद्ध शाकाहारी भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। व्रत से जुड़े खाद्य पदार्थों के साथ ही शाकाहारी थाली और लस्सी भी उपलब्ध कराई जाएगी। रेलवे की इस पहल से नवरात्र में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।10:47 AM