श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में सोमनाथ अमृत महोत्सव का भव्य आयोजन: CM योगी और राज्यपाल करेंगे विशेष जलाभिषेक, 5 घंटे तक ट्रैफिक डायवर्जन
वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के दौरे को लेकर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में सोमनाथ अमृत महोत्सव के तहत विशेष जलाभिषेक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। शहर में कई मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा।
वाराणसी: श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में आयोजित विशेष धार्मिक कार्यक्रम को लेकर सोमवार को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पूरी तरह हाई अलर्ट पर रहेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सुबह बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सीधे श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे, जहां सोमनाथ मंदिर से लाए गए पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर में पूजन करेंगे, जबकि उसी समय काशी विश्वनाथ धाम में भी विशेष अनुष्ठान आयोजित होंगे। सोमनाथ मंदिर में होने वाले कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को दिखाया जाएगा।
ओम जप और शंखध्वनि से गूंजेगा विश्वनाथ धाम
विशेष कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री और राज्यपाल त्रयंबकेश्वर हॉल में आयोजित आध्यात्मिक आयोजन में शामिल होंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालु सामूहिक रूप से ‘ॐ’ का जाप करेंगे।
मंदिर के शास्त्रीगण और छात्र-छात्राएं शंखध्वनि करेंगे। वहीं सोमनाथ भवन में विद्यार्थियों द्वारा तैयार पार्थिव शिवलिंग स्थापित किया जाएगा, जिसे भगवान सोमनाथ ज्योतिर्लिंग का प्रतीक माना जाएगा।
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी और इसके बाद ‘सोमनाथ संकल्प’ का सामूहिक पाठ होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संकल्प का वाचन करेंगे, जबकि उपस्थित श्रद्धालु और अतिथि उसका सामूहिक अनुच्चारण करेंगे। आयोजन के दौरान सांस्कृतिक और आध्यात्मिक प्रस्तुतियां भी होंगी।
साढ़े तीन घंटे तक काशी में रहेंगे CM और राज्यपाल
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री और राज्यपाल लगभग साढ़े तीन घंटे तक काशी में रहेंगे। उनके आगमन और कार्यक्रम को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
वाराणसी में लागू रहेगा बड़ा ट्रैफिक प्लान
- वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए शहर में लगभग पांच घंटे का ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। मैदागिन से गोदौलिया मार्ग को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है।
- संपूर्णानंद गेट से टेम्पो ट्रेवलर, आर्मेनिया बसें और क्रूजर जैसे बड़े वाहनों को लहुराबीर और मैदागिन की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हें लकड़ीमंडी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- विशेश्वरगंज तिराहे से चार पहिया वाहनों को गोलगड्डा की ओर भेजा जाएगा, जबकि गोदौलिया से मैदागिन की तरफ किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं मिलेगा।
- इसके अलावा मरीमाई, मलदहिया, पिशाचमोचन, चेतगंज, सोनारपुरा और गिलट बाजार समेत कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने रविवार रात अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल और वीआईपी रूट पर सघन चेकिंग, फ्रिस्किंग और प्रत्येक व्यक्ति व वाहन की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए निगरानी बढ़ाने तथा नो फ्लाई जोन के सख्त पालन पर जोर दिया गया।
महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, अस्थायी पार्किंग व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।