{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी में एयर शो की भव्य तैयारी: नमो घाट पर आठ मंचों से 200 कलाकार बिखेरेंगे संस्कृति के रंग

 

वाराणसी। गंगा की लहरों और ऐतिहासिक घाटों के बीच काशी एक भव्य आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो में भारतीय वायुसेना की ताकत आसमान में दिखाई देगी। वहीं, इस आयोजन को खास बनाने के लिए नमो घाट पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी भव्य तैयारी की जा रही है। यहां आठ मंचों पर काशी के करीब 200 कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को भारतीय संस्कृति और परंपरा से रूबरू कराएंगे।

एयर शो को लेकर जिला प्रशासन समेत विभिन्न विभाग तैयारियों में जुटे हैं। नमो घाट पर बनाए जा रहे आठ मंचों का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। योजना के अनुसार, नमो घाट के फेज-एक में तीन, फेज-दो में दो और फेज-तीन में तीन मंच तैयार किए जाएंगे। इन मंचों पर एयर शो से पहले और उसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

 मां गंगा और भगवान शिव की नृत्य नाटिका होगी खास

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी। मां गंगा और भगवान शिव पर आधारित नृत्य नाटिकाएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके साथ ही एयरफोर्स बैंड की प्रस्तुति भी होगी। एयर शो के बाद राजस्थानी, पंजाबी और बिहू नृत्य के जरिए देश के विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृति को मंच पर उतारा जाएगा।

कार्यक्रम के निर्धारित प्रारूप के अनुसार, एयर शो से पहले और बाद में आधे-आधे घंटे तक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। सभी मंच अलग-अलग स्थानों पर बनाए जा रहे हैं, लेकिन उनकी सजावट और स्वरूप में एकरूपता रखी जाएगी, ताकि पूरे आयोजन में भव्यता और तालमेल बना रहे।

 सेना के उपकरणों की स्थापना, रास्तों का निर्माण तेज

एयर शो की तैयारियों के तहत सुरक्षा और तकनीकी व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। सेना के जवान रडार, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) और हॉटलाइन जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं को स्थापित करने में जुटे हैं। नमो घाट के विभिन्न हिस्सों तक पहुंच आसान बनाने के लिए रास्तों का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है।

वसंत कन्या महाविद्यालय परिसर से नमो घाट के फेज-दो तक जाने वाला रास्ता तैयार कर दिया गया है। वहीं, फेज-तीन तक पहुंचने सहित अन्य दो रास्तों का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। आयोजन को देखते हुए राजघाट से दशाश्वमेध घाट तक बैरिकेडिंग की जा रही है। इसके अलावा, एयर शो से पहले 25 से अधिक स्थानों पर पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम लगाए जाने की तैयारी है, जिससे लोगों तक जरूरी सूचनाएं पहुंचाई जा सकें।

वीवीआईपी सुरक्षा के लिए बनेगा 200 मीटर लंबा पीपा पुल

एयर शो के दौरान वीवीआईपी सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग ने गंगा क्षेत्र में वैकल्पिक मार्ग तैयार करना शुरू कर दिया है। इसके तहत आदिकेशव घाट और नमो घाट को जोड़ने के लिए करीब 200 मीटर लंबा अस्थायी पीपा पुल बनाया जा रहा है।

इसके निर्माण के लिए मीरजापुर से पीपे मंगाए गए हैं। पुल तैयार होने के बाद जरूरत पड़ने पर नमो घाट तक पहुंचने के वैकल्पिक रास्ते के रूप में इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा। प्रधानमंत्री की प्रस्तावित मौजूदगी के दौरान किसी आकस्मिक परिस्थिति में यह मार्ग उपयोगी साबित हो सकता है।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से एक दिन पहले इस पुल का सामान्य इस्तेमाल बंद किए जाने की योजना है। कुल मिलाकर, काशी में एयर शो की तैयारियां तेज हो गई हैं। एक ओर आसमान में भारतीय वायुसेना का कौशल देखने को मिलेगा, तो दूसरी ओर गंगा तट पर देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं की झलक दर्शकों को आकर्षित करेगी।