राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर निकली वाराणसी में भव्य तिरंगा यात्रा
वाराणसी: प्रधानमंत्री जनकल्याणकारी योजना जागरूकता अभियान (काशी महानगर) और भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (काशी महानगर) के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को काशी में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा पूरे उत्साह और राष्ट्रभक्ति के वातावरण के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में सैकड़ों की संख्या में नागरिकों, युवाओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। भारत माता और गौमाता की विशेष उपस्थिति ने यात्रा को और भी विशिष्ट एवं भावनात्मक बना दिया। गौमाता के नेतृत्व में निकली यह यात्रा काशी के लिए एक अनूठा और प्रेरणादायक दृश्य बनी।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ दोपहर दो बजे गौशाला गोलघर से हुआ। यह यात्रा गोलघर बुलानाला, चौक, बांसफाटक और गोदौलिया होते हुए चितरंजन पार्क, दशाश्वमेध पर भव्य समापन के साथ संपन्न हुई। पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों, हाथों में लहराते तिरंगे और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत माहौल देखने को मिला।
आयोजकों ने बताया कि इस तिरंगा यात्रा का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक मूल्यों और भारत की सनातन परंपराओं से जोड़ना है। यह आयोजन विशेष रूप से युवाओं में देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को सशक्त करने वाला रहा।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जनकल्याणकारी योजना जागरूकता अभियान, काशी महानगर के महानगर अध्यक्ष उदयराज सिंह, महामंत्री शैलेश गुप्ता, भाजपा युवा मोर्चा काशी महानगर के महामंत्री ओम तिवारी सहित श्री अग्रसेन युवा मंच एवं भाजपा युवा मोर्चा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजकों ने यात्रा में शामिल सभी नागरिकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए इसे काशी के इतिहास में राष्ट्रभक्ति का स्मरणीय अध्याय बताया।