{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मां गंगा को राष्ट्रीय नदी का दर्जा देना कांग्रेस सरकार का ऐतिहासिक फैसला था : राघवेंद्र चौबे
 

 

वाराणसी। मां गंगा की निर्मलता, स्वच्छता और अविरलता की कामना के साथ बुधवार को महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शीतला घाट पर मां गंगा का दुग्धाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। गंगा को राष्ट्रीय नदी घोषित किए जाने की वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गंगा संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने गंगा में बढ़ते प्रदूषण पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार की नमामि गंगे योजना पर भी सवाल उठाए।

कार्यक्रम का संयोजन महानगर कांग्रेस कमेटी के महासचिव प्रमोद वर्मा ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस सेवादल के प्रदेश प्रमुख डॉ. प्रमोद पांडेय उपस्थित रहे।

गंगा केवल जलधारा नहीं, सनातन संस्कृति की आत्मा : डॉ. प्रमोद पांडेय

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. प्रमोद पांडेय ने कहा कि नवंबर 2008 में तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने गंगा को राष्ट्रीय नदी का दर्जा देकर देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को सम्मान दिया था। उन्होंने बताया कि इसी ऐतिहासिक निर्णय की स्मृति में कांग्रेस कार्यकर्ता हर वर्ष शीतला घाट पर मां गंगा का दुग्धाभिषेक करते हैं।

उन्होंने कहा कि गंगा के तीन महत्वपूर्ण पक्ष हैं—आध्यात्मिक, व्यावहारिक और वैज्ञानिक। गंगा केवल एक जलधारा नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति की आत्मा और भारतीय समाज की आस्था का केंद्र है। उन्होंने कहा कि गंगा का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व विभिन्न समुदायों के जीवन से जुड़ा हुआ है।

कानपुर से वाराणसी तक गंगा में प्रदूषण को लेकर जताई चिंता

डॉ. प्रमोद पांडेय ने गंगा में बढ़ते प्रदूषण पर चिंता व्यक्त करते हुए दावा किया कि उन्नाव से वाराणसी तक लगभग 360 किलोमीटर का क्षेत्र अत्यधिक प्रदूषण से प्रभावित है। उन्होंने आरोप लगाया कि कानपुर और उन्नाव के चमड़ा उद्योगों से निकलने वाले प्रदूषित पानी के कारण गंगा में बायोकेमिकल ऑक्सीजन डिमांड (बीओडी) का स्तर बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यकाल में शुरू की गई गंगा एक्शन प्लान योजना के तहत सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित किए गए थे। आरोप लगाया कि वर्ष 2014 के बाद नमामि गंगे योजना के नाम पर गंगा संरक्षण को राजनीतिक प्रचार का माध्यम बना दिया गया, जबकि प्रदूषण की समस्या अब भी बनी हुई है।

सरकारी घोषणाओं से नहीं, ठोस प्रयासों से स्वच्छ होगी गंगा : राघवेंद्र चौबे

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि मां गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार हैं। कांग्रेस सरकार ने गंगा को राष्ट्रीय नदी का दर्जा दिलाकर इसकी महत्ता को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया।

उन्होंने कहा कि आज गंगा की स्वच्छता को लेकर बड़ी-बड़ी घोषणाएं की जा रही हैं, लेकिन वास्तविक संरक्षण के लिए ठोस कार्ययोजना और जनभागीदारी आवश्यक है। गंगा को स्वच्छ और अविरल बनाए रखना केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद

दुग्धाभिषेक एवं पूजन-अर्चन कार्यक्रम में सतनाम सिंह, प्रमोद वर्मा, प्रवीण प्रकाश, वकील अंसारी, देवेन्द्र सिंह, मनोज द्विवेदी, नरसिंह दास और आकाश त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।