{"vars":{"id": "130921:5012"}}

MGKVP में धूमधाम से मना गुजरात स्थापना दिवस, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

 

Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शुक्रवार को गुजरात स्थापना दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने पंत प्रशासनिक भवन स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।

सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला

शुभारंभ के बाद टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई। साथ ही ‘बापू बाजार’ इंस्टॉल का अवलोकन किया गया, जिसमें गुजराती परिधानों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। क्रीड़ा परिषद के जिम्नेजियम हॉल में बैडमिंटन प्रतियोगिता का उद्घाटन भी कुलपति द्वारा किया गया।

कुलपति के नेतृत्व में विश्वविद्यालय परिसर में पदयात्रा निकाली गई, जिसमें छात्र, शिक्षक और कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इसके बाद नाट्य कला और ललित कला विभाग के विद्यार्थियों ने गरबा नृत्य प्रस्तुत कर गुजरात की सांस्कृतिक छटा बिखेरी। फैशन शो में ‘गुजराती फ्यूजन’ थीम के तहत विभिन्न पारंपरिक भारतीय परिधानों का प्रदर्शन किया गया, जिसने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

एनएसएस और महिला अध्ययन केंद्र की पहल

राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों ने मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। वहीं महिला अध्ययन केंद्र द्वारा गोद लिए गए गांव में जागरूकता अभियान चलाकर एचपीवी वैक्सीन की जानकारी दी गई और साफ-सफाई का संदेश दिया गया।

 कार्यक्रम संयोजक डॉ. रविंद्र कुमार गौतम ने बताया कि परिसर के अंदर और बाहर कई कार्यक्रमों के माध्यम से गुजरात की समृद्ध संस्कृति को प्रदर्शित किया गया। विधि विभाग में आयोजित गोष्ठी में Ranjan Kumar ने गुजरात के औद्योगिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास पर प्रकाश डाला। छात्रों ने भी अपने विचार प्रस्तुत कर राज्य की प्रगति को रेखांकित किया।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे गणमान्य लोग

इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय, कुलानुशासन प्रो.के.के. सिंह, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्रा, आइक्यूएसी निदेशक प्रो. आर.के. सिंह, मुख्य गृहपति डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह, डॉ. अमरीश राय, डॉ. सतीश कुशवाहा, सहायक कुलसचिव आनंद कुमार सिंह अन्नु,  राजेश राय आदि उपस्थित रहे।