{"vars":{"id": "130921:5012"}}

गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा का बड़ा अभियान, वाराणसी से देशभर में भेजी जाएगी सीरगोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी

वाराणसी में संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर 'समरसता संकल्प अभियान' की तैयारियां तेज हो गई है। गुरु पूर्णिमा से शुरू होने वाले इस राष्ट्रीय अभियान के तहत 131 कलशों का पूजन, समरसता दीप अभियान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभर में सामाजिक समरसता यात्राएं आयोजित होंगी।

 

वाराणसी: संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर देशभर में चलाए जाने वाले 'समरसता संकल्प अभियान' की तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी महानगर कार्यालय, गुलाब बाग में कार्यशाला एवं कार्ययोजना बैठक आयोजित की गई। बैठक में गुरु पूर्णिमा से शुरू होने वाले अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान बताया गया कि वाराणसी से सामाजिक समरसता का संदेश पूरे देश तक पहुंचाया जाएगा।

29 जुलाई को जलेगा 'समरसता दीप', देशभर के मंदिरों में होंगे कार्यक्रम

बैठक में बताया गया कि 29 जुलाई 2026, गुरु पूर्णिमा के दिन देशभर के गुरु रविदास मंदिरों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर 'श्री गुरु रविदास महाराज समरसता दीप अभियान' चलाया जाएगा। जहां गुरु रविदास मंदिर उपलब्ध नहीं हैं, वहां प्रत्येक मंडल के प्रमुख मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन, सामूहिक आरती, गुरु वाणी पाठ, भजन संध्या, समरसता संकल्प और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सीरगोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी से भरे 131 कलश होंगे पूजित

अभियान का सबसे महत्वपूर्ण आयोजन संत गुरु रविदास की जन्मस्थली सीरगोवर्धनपुर से जुड़ा होगा। यहां की पवित्र मिट्टी से भरे 131 कलशों का पूजन संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों और विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में किया जाएगा। इसके बाद ये कलश उत्तर प्रदेश के सभी जिलों और देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों को सौंपे जाएंगे।

इसके माध्यम से यह पवित्र मिट्टी राज्यों की राजधानियों से जिलों, मंडलों, गांवों और बस्तियों तक पहुंचेगी, जहां सामाजिक समरसता यात्राएं, पूजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

20 फरवरी 2027 तक पांच चरणों में चलेगा अभियान

बैठक में जानकारी दी गई कि 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 यानी गुरु रविदास जयंती तक यह अभियान पांच चरणों में संचालित होगा। अभियान के दौरान गुरु रविदास से जुड़े प्रमुख तीर्थस्थलों के विकास और जीर्णोद्धार का कार्य भी किया जाएगा। इनमें जूनागढ़ (गुजरात), सागर (मध्य प्रदेश), चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) और खुरालगढ़ साहिब (पंजाब) जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल शामिल हैं।

युवाओं तक पहुंचेगा 'बेगमपुरा' का संदेश

अभियान के तहत गुरु रविदास महाराज के जीवन, दर्शन और उनके आदर्श समाज 'बेगमपुरा' की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। देशभर के छात्रावासों और शिक्षण संस्थानों में 'समरसता संवाद' कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्यार्थियों को गुरु रविदास के विचारों के साथ विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर भी जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रमों में प्रश्नोत्तर और संवाद सत्र भी होंगे।

देशभर से वाराणसी पहुंचेंगे प्रतिनिधिमंडल

27 और 28 जुलाई से देश के विभिन्न राज्यों से वाराणसी आने वाले प्रतिनिधिमंडलों और अतिथियों के ठहरने, भोजन, आवागमन और समन्वय की जिम्मेदारी भाजपा महानगर इकाई के विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है। आयोजन को सफल बनाने के लिए अलग-अलग समितियों का गठन भी किया गया है।

बैठक में मौजूद रहे कई पदाधिकारी

कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने की। बैठक में संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी जिम्मेदारियों का वितरण किया गया और समयबद्ध कार्ययोजना पर जोर दिया गया।