वाराणसी में 9 से 17 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान, जिलाधिकारी ने तैयारियों की समीक्षा
वाराणसी। आगामी 9 से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले 'हर घर तिरंगा' अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान को व्यापक जनसहभागिता के साथ सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। साथ ही युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास तथा राष्ट्रनिर्माण के मूल्यों से जोड़ना भी इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन के निर्देशानुसार प्रमुख स्थलों पर तिरंगा प्रदर्शनी, जनपद एवं ब्लॉक स्तर पर तिरंगा यात्रा, शहीद स्थलों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम और विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताओं की तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।
बैठक में सरकारी कार्यालयों, पंचायत भवनों, विद्यालयों और महाविद्यालयों में ध्वजारोहण, प्रभात फेरी, साइकिल एवं मोटरसाइकिल रैली, निबंध, चित्रकला, भाषण, प्रश्नोत्तरी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। स्वयं सहायता समूहों, स्वयंसेवी संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़े नियमों का पालन करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि फटा या क्षतिग्रस्त तिरंगा इस्तेमाल न किया जाए और अभियान समाप्त होने के बाद उसका सम्मानपूर्वक संरक्षण या निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।