{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में VVIP सुरक्षा का हाई लेवल मॉक ड्रिल, NSG कमांडो समेत कई एजेंसियों ने परखी तैयारियां
 

 

वाराणसी: वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को वाराणसी में हाई लेवल मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस लाइन हेलीपैड से सर्किट हाउस, काल भैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ धाम तक पूरे रूट पर ट्रैफिक को डायवर्ट कर जीरो ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई, ताकि वास्तविक वीवीआईपी मूवमेंट जैसी परिस्थितियों का अभ्यास किया जा सके।

मॉक ड्रिल में एनएसजी (नेशनल सिक्योरिटी गार्ड) के कमांडो, स्थानीय पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। एडीजी सिक्योरिटी के निर्देश पर आयोजित इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना था।

ड्रिल के दौरान वीवीआईपी मूवमेंट के साथ-साथ त्योहारों के दौरान होने वाली भारी भीड़ के प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, रूट सुरक्षा और आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को भी परखा गया। मेडिकल इमरजेंसी सहित अन्य संभावित आपात हालात में रिस्पॉन्स टाइम और समन्वय क्षमता का भी परीक्षण किया गया।

पूरे ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा एजेंसियों, स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने आपसी तालमेल के साथ सभी निर्धारित प्रक्रियाओं का सफलतापूर्वक पालन किया। अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के मॉक ड्रिल का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाना तथा किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी रिस्पॉन्स सुनिश्चित करना है।

Report: मीनाक्षी सेन गुप्ता