सौर ऊर्जा से रोशन हो रहे काशी के घर, सोलर इंस्टॉलेशन में यूपी में दूसरा और देश में वाराणसी को मिला 10वां स्थान
वाराणसी। बिजली के बढ़ते बिल से परेशान लोगों के लिए सोलर रूफटॉप योजना राहत बनकर सामने आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस महत्वाकांक्षी योजना का असर अब काशी के घरों में भी दिखाई देने लगा है। घरों की छतों पर सोलर पैनल लगने से न केवल बिजली बिल में कमी आई है, बल्कि लोग स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में भी कदम बढ़ा रहे हैं। योजना से मिल रहे लाभ से उत्साहित वाराणसी के 5500 उपभोक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हस्तलिखित पत्र भेजकर उनका आभार जताया है।
खास बात यह है कि सोलर रूफटॉप इंस्टॉलेशन के मामले में वाराणसी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिला प्रदेश में दूसरे और देशभर में दसवें स्थान पर पहुंच गया है। अब तक जिले में करीब 91 हजार लोगों ने सोलर रूफटॉप लगवाने के लिए आवेदन किया है, जिनमें से 65,800 से अधिक घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। बाकी आवेदनों पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।
योजना का लाभ व्यापारियों, उद्यमियों, सरकारी कर्मचारियों और पेंशनधारकों को मिल रहा है। खासकर उन लोगों को राहत मिली है, जिन्हें अपनी सीमित पेंशन या आय का बड़ा हिस्सा बिजली बिल चुकाने में खर्च करना पड़ता था। सोलर पैनल से घरों में बिजली उत्पादन होने के कारण पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम हुई है और मासिक बिल में भी बचत हो रही है।
जिले में योजना को गति देने के लिए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देशन में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह अभियान की नियमित निगरानी और समीक्षा कर रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि सभी पात्र आवेदकों के घरों की छतों पर जल्द से जल्द सोलर पैनल स्थापित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस योजना का लाभ उठा सकें।
सोलर रूफटॉप योजना से लोगों को आर्थिक बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देने का अवसर मिल रहा है। स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलने से बिजली की पारंपरिक आपूर्ति पर निर्भरता कम करने में मदद मिल रही है।
वाराणसी के 5500 उपभोक्ताओं की ओर से प्रधानमंत्री को हस्तलिखित धन्यवाद पत्र भेजना इस बात का संकेत है कि योजना का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है और वे अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में इसका असर महसूस कर रहे हैं।