मिर्जामुराद में खौफनाक वारदात: देवर ने भाभी की कुल्हाड़ी से काटकर की हत्या, पिता पर ईंट से हमला, आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी: मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लच्छापुर गांव में शनिवार सुबह पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने अपनी भाभी की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मृतका पूनम पटेल (28) अपने परिवार के साथ घर पर थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका अपने देवर अजीत पटेल से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले के दौरान आरोपी ने महिला के सिर, गर्दन और पैरों पर कई वार किए। एक वार इतना गंभीर था कि उनका एक पैर कटकर अलग हो गया। गंभीर रूप से घायल महिला जान की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपी लगातार हमला करता रहा।
अत्यधिक रक्तस्राव के कारण कुछ देर बाद महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी मौके पर ही बैठा रहा। इसी दौरान उसने अपने पिता पर भी ईंट से हमला कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह आरोपी को काबू में किया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को कुल्हाड़ी सहित हिरासत में ले लिया। साथ ही फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के पति सुजीत कुमार (32), जो वाराणसी के रेलवे कार्यालय में ग्रुप-डी कर्मचारी हैं, घटना की सूचना मिलते ही घर पहुंचे। पत्नी का शव देखकर वे बदहवास हो गए और रोने लगे।
पुलिस के अनुसार, मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
राजातालाब एसीपी अजय श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।