{"vars":{"id": "130921:5012"}}

देह व्यापार से इनकार किया तो वीडियो वायरल करने की धमकी! महिला ने पति पर लगाए गंभीर आरोप
 

 

वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति और ससुरालवालों पर देह व्यापार के लिए दबाव बनाने, विरोध करने पर मारपीट करने और कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने विष्णु प्रजापति, रमेश प्रजापति समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला के अनुसार, उसका पति शराब का आदी है और कोई काम नहीं करता। परिवार के भरण-पोषण के लिए वह घरों में बर्तन साफ करने और खाना बनाने का काम करती थी। आरोप है कि पति और सास-ससुर उस पर देह व्यापार के लिए दबाव बनाते थे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि एक घटना के दौरान बेहोशी की हालत में उसका कथित वीडियो बनाया गया। महिला का कहना है कि जब उसने ससुरालवालों की बात मानने से इनकार किया, तो उसे धमकी दी गई कि वीडियो मायके और रिश्तेदारों को भेजकर उसे बदनाम कर दिया जाएगा।

महिला के मुताबिक, 29 अगस्त 2026 को वह अपनी दोनों बेटियों के साथ पश्चिम बंगाल स्थित मायके चली गई। आरोप है कि इसके बाद पति ने कथित आपत्तिजनक वीडियो उसकी बहनों, जीजा, मामा और अन्य रिश्तेदारों के मोबाइल पर भेज दिया। साथ ही, उसके नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर वीडियो प्रसारित करने की कोशिश भी की गई।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस तरह उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।