IIT BHU कैंपस में स्कूटी फिसलने से छात्र की मौत, हेलमेट न पहनना बना जानलेवा
IIT BHU कैंपस में स्कूटी फिसलने से फॉर्मास्यूटिकल इंजीनियरिंग के छात्र अभिषेक उपाध्याय की मौत हो गई। हेलमेट न पहनने के कारण उन्हें गंभीर सिर की चोट लगी। ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान देर रात निधन हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया।
वाराणसी: IIT BHU कैंपस में सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में फॉर्मास्यूटिकल इंजीनियरिंग के पांचवें वर्ष के छात्र अभिषेक उपाध्याय की मौत हो गई। रात 10:15 बजे धनराज गिरी हॉस्टल के पास स्कूटी फिसलकर गिरने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के वक्त अभिषेक हेलमेट नहीं पहने हुए थे, जिसके कारण सिर पर गहरा चोट लगी।
हादसे के दौरान उनके साथ मौजूद दोस्त को मामूली चोटें आईं। प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से अभिषेक को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां उपचार के दौरान देर रात उनका निधन हो गया।
लंका इंस्पेक्टर राजकुमार के अनुसार अभिषेक सुंदरपुर निवासी थे और IIT BHU के राजपुताना हॉस्टल में रहते थे। दोस्त बताते हैं कि वे कॉलेज की अलग अलग गतिविधियों और छात्र संगठनों में बेहद सक्रिय थे। जल्द ही उनका कैंपस प्लेसमेंट भी होने वाला था, जिसे लेकर वे उत्साहित थे।
मंगलवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे की खबर से कैंपस में शोक की लहर दौड़ गई। IIT BHU प्रशासन और छात्रों ने सोशल मीडिया पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि अभिषेक की असामयिक मृत्यु बेहद दुखद है। इतनी कम उम्र में सपनों से भरी जिंदगी का यूं खत्म हो जाना मन को झकझोर देता है। उनकी स्मृतियां हमेशा हमें बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करेंगी।