सिंधोरा में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़: मकान से 501.5 किलो पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद, एक गिरफ्तार
वाराणसी। दीपावली से पहले अवैध पटाखों के निर्माण और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिंधोरा पुलिस और एसओजी-02 की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को सिंधोरा बाजार स्थित एक मकान में छापेमारी कर पुलिस ने 501.5 किलोग्राम निर्मित एवं अर्धनिर्मित पटाखे और पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए अवैध पटाखों के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना मिली कि सिंधोरा बाजार स्थित एक मकान में बिना लाइसेंस पटाखों का निर्माण और भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी-02 की संयुक्त टीम ने मकान पर छापेमारी की।
मकान से भारी मात्रा में पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को फूलझड़ी, रॉकेट, बुलेट बम, सुतली बम, मिर्ची बम और चकरी समेत बड़ी मात्रा में तैयार और अधबने पटाखे मिले। इसके अलावा बारूद, शोरा, गंधक, चारकोल और एल्युमिनियम पाउडर सहित पटाखों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए।
मौके पर मौजूद रफीक पुत्र स्वर्गीय मजहर, निवासी सिंधोरा बाजार, से पुलिस ने पटाखा निर्माण और भंडारण से संबंधित वैध लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
दुकानों पर बेचने के लिए तैयार किए जा रहे थे पटाखे
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी रफीक ने बताया कि वह आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से पटाखे तैयार कर दुकानों पर बेचने की योजना बना रहा था। हालांकि, उसके पास पटाखा निर्माण और भंडारण की कोई वैध अनुमति नहीं थी।
पुलिस ने बरामद पटाखों और विस्फोटक सामग्री को कब्जे में ले लिया है। साथ ही फॉरेंसिक फील्ड यूनिट की टीम ने मौके से वैज्ञानिक परीक्षण के लिए नमूने भी एकत्र किए हैं।
विस्फोटक अधिनियम और बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज
इस मामले में सिंधोरा थाने में आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम, 1884 की संबंधित धाराओं और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 288 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
यह कार्रवाई सिंधोरा थानाध्यक्ष पंकज कुमार पांडेय और एसओजी-02 प्रभारी पंकज सिंह चौहान की संयुक्त टीम ने की।