{"vars":{"id": "130921:5012"}}

'मन की बात' के 140वें एपिसोड में गूंजी विकास और विरासत की बात, प्रदीप अग्रहरि ने कार्यकर्ताओं संग सुना PM मोदी का संबोधन

 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 140वें एपिसोड का रविवार को भाजपा महानगर कार्यालय गुलाब बाग में सामूहिक श्रवण किया गया। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने प्रधानमंत्री के विचारों को सुना। कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रखने, डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल, सुशासन और भारतीय संस्कृति व विरासत को वैश्विक पहचान मिलने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम के बाद महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि 'मन की बात' अब केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभर में हो रहे सकारात्मक बदलावों और प्रेरणादायक प्रयासों को सामने लाने का सशक्त माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में युवाओं को नशे से बचाने के लिए चलाए जा रहे 'नशा मुक्त युवा अभियान' पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज की भागीदारी और युवाओं की मजबूत इच्छाशक्ति से नशे के खिलाफ लड़ाई को प्रभावी बनाया जा सकता है।

डिजिटल तकनीक से मजबूत हो रहा सुशासन

प्रदीप अग्रहरि ने सरकारी कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए शुरू किए गए 'iGOT कर्मयोगी' डिजिटल प्लेटफॉर्म की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्लेटफॉर्म पर 17 भारतीय भाषाओं में सात हजार से अधिक कोर्स उपलब्ध होना और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों को सीखने की सुविधा देना डिजिटल भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने 'संचार साथी' ऐप को भी आम नागरिकों की सुरक्षा के लिहाज से उपयोगी पहल बताया। उनके मुताबिक, इस ऐप की मदद से खोए हुए मोबाइल फोन को IMEI नंबर के जरिए ट्रैक और ब्लॉक करने की सुविधा मिलती है, जिससे मोबाइल चोरी और साइबर अपराध जैसी समस्याओं से निपटने में मदद मिल रही है।

वडनगर और बिहार म्यूजियम की उपलब्धि पर जताया गर्व

भारतीय संस्कृति और विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिल रही पहचान पर खुशी जाहिर करते हुए प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि पटना के बिहार म्यूजियम का दुनिया के शीर्ष 100 संग्रहालयों में नौवां स्थान हासिल करना और एशिया में पहला स्थान पाना देश के लिए गौरव की बात है।

उन्होंने गुजरात के वडनगर स्थित 'अनंत अनादि वडनगर आर्कियोलॉजिकल म्यूजियम' को बर्लिन में प्रतिष्ठित 'रेड डॉट: बेस्ट ऑफ द बेस्ट अवार्ड' मिलने को भी ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य द्वारा वडनगर को 'गुजरात की काशी' कहना काशीवासियों के लिए विशेष गर्व और भावनात्मक जुड़ाव का विषय है।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के साथ सुधीर सिंह, शालिनी यादव, संजय गुप्ता, नम्रता चौरसिया, मृदुला जायसवाल, चंद्रशेखर उपाध्याय, पवन अग्रवाल, मधुप सिंह, पूजा दीक्षित, सपना सिंह, हीरा यादव, अजय गुप्ता, पंकज चतुर्वेदी, सत्येंद्र सिंह, अवधेश राय, शैलेंद्र सिंह और योगेश सिंह 'पिंकू' समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं नागरिक मौजूद रहे।