CHS एंट्रेंस एग्जाम में एक ही रोल नंबर पर दो छात्र दे रहें थे परीक्षा, पकड़े जाने पर खुलासा हुआ तो मचा हड़कंप
वाराणसी में बीएचयू सीएचएस कक्षा 11 प्रवेश परीक्षा के दौरान एक ही रोल नंबर पर दो छात्रों के परीक्षा देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद सुरक्षा और पारदर्शिता पर सवाल उठे हैं। पुलिस जांच जारी, अभिभावकों ने पुनः परीक्षा की मांग की है।
वाराणसी: बीएचयू से संचालित सेंट्रल हिंदू स्कूल (CHS) की कक्षा 11 प्रवेश परीक्षा के दौरान एक चौंकाने वाली अनियमितता सामने आई है। परीक्षा के दौरान एक ही रोल नंबर पर दो अलग-अलग छात्रों के शामिल होने की पुष्टि ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दो मामलों में सामने आई पहचान की गड़बड़ी
जांच के दौरान यह पाया गया कि उज्जवल कुमार के नाम पर कोई अन्य छात्र परीक्षा दे रहा था। इसी तरह दिव्यांशु सोनकर के नाम पर भी एक अलग छात्र परीक्षा केंद्र में बैठा मिला। इस खुलासे के बाद परीक्षा केंद्र पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्ध छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।
पुलिस जांच शुरू, लंका थाने में पूछताछ
मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने दोनों छात्रों को लंका थाने भेज दिया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह गड़बड़ी संगठित स्तर पर हुई है या व्यक्तिगत स्तर की धोखाधड़ी है।
असली अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में
इस पूरे घटनाक्रम के कारण वास्तविक अभ्यर्थी परीक्षा देने से वंचित रह गए, जिससे उनके भविष्य को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। परिजनों में इस घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है।
परिजनों ने उठाए सवाल
घटना की सूचना मिलते ही अभिभावक थाने पहुंच गए और विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि यदि परीक्षा केंद्र पर पहचान और दस्तावेजों का सही तरीके से सत्यापन किया गया होता, तो ऐसी स्थिति नहीं बनती। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और प्रभावित छात्रों के लिए पुनः परीक्षा आयोजित करने की मांग की है।